एसईसीएल कुसमुंडा क्षेत्र के भू-विस्थापित दीपावली पर करेंगे अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल

- Advertisement -

कोरबा@M4S:एसईसीएल कुसमुंडा क्षेत्र के भू-विस्थापित प्रभावित परिवारों ने अपनी भूमि के बदले रोजगार और मुआवजे की मांग को लेकर अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल और धरना प्रदर्शन की घोषणा की है। प्रदर्शन 20 और 21 अक्टूबर को जीएम ऑफिस के सामने मेन गेट पर बिना अन्न-पानी ग्रहण किए किया जाएगा ।
भू-विस्थापितों ने आरोप लगाया है कि एसईसीएल प्रबंधन द्वारा पिछले 22 वर्षों से उनकी अधिग्रहित भूमि के बदले मिलने वाले रोजगार के लिए बार-बार गुमराह किया जा रहा है और झूठे आश्वासन दिए जा रहे हैं। उनका कहना है कि जानकारी मांगने पर भी उन्हें कोई सूचना नहीं दी जाती है, जिससे वे मानसिक और आर्थिक रूप से त्रस्त हो चुके हैं। उन्होंने यह भी आरोप लगाया है कि एसईसीएल के अधिकारियों द्वारा जमीन-जायदाद को गुमराह करके छीन लिया गया है, जिससे वे भूखे रहने पर मजबूर हैं और उनके बच्चों का भविष्य खराब हो रहा है। पीडि़त बसंती बाई बिंझवार सहित कुल 12 भू-विस्थापितों ने कलेक्टर, पुलिस अधीक्षक, अनुविभागीय अधिकारी (कटघोरा), थाना प्रभारी कुसमुंडा, तहसीलदार दर्री और स्थानीय विधायक को ज्ञापन सौंपकर अपनी स्थिति से अवगत कराया है। भू-विस्थापितों ने एसईसीएल कुसमुंडा क्षेत्र के मुख्य महाप्रबंधक आग्रह किया है कि उनकी आर्थिक समस्याओं को देखते हुए उन्हें न्याय दिलाया जाए। उन्होंने स्पष्ट चेतावनी भी दी है कि अगर हड़ताल के दौरान धरना प्रदर्शन में उनके जीवन के साथ कोई घटना घटित होती है, तो उसकी संपूर्ण जवाबदारी एसईसीएल कुसमुंडा क्षेत्र मुख्य महाप्रबंधक की होगी।

Related Articles