जेसीआई वीक में सात दिन, सात थीम के जरिए दिया जाएगा सकारात्मक बदलाव का संदेश

- Advertisement -
 9 से 15 सितंबर तक जेसीआई कोरबा सेंट्रल करेगा विविध आयोजन, युवा नेतृत्व से पर्यावरण संरक्षण तक होंगे कार्यक्रम
कोरबा@M4S:युवाओं में नेतृत्व क्षमता विकसित करने और समाज में सकारात्मक एवं स्थायी बदलाव की दिशा में कार्य करने के उद्देश्य से जेसीआई कोरबा सेंट्रल द्वारा 9 से 15 सितंबर तक जेसीआई वीक मनाया जाएगा। इस वर्ष सप्ताह की थीम ‘77 इयर्स ऑफ लीडरशिप-7 डेज ऑफ एम्पावर’ रखी गई है। सात दिनों तक अलग-अलग थीम पर पर्यावरण संरक्षण, युवा नेतृत्व, मानव कर्तव्य, डिजिटल आउटरिच, बिजनेस नेटवर्किंग, सदस्यता विस्तार, पारिवारिक जुड़ाव और समाज के मौन सितारों के सम्मान से जुड़े कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
उक्त जानकारी जेसी सीए अमर अग्रवाल, जेसी सुरेश चौहान, जेसी सीए त्रिलोकी नाथ बजाज, जेसी राम कुमार सोनी, जेसी अंश अग्रवाल, जेसी निश्चल टमकोरिया एवं अन्य पदाधिकारीगण ने प्रेस वार्ता के दौरान दी। उन्होंने बताया कि जेसीआई यानी जूनियर चैंबर इंटरनेशनल 18 से 40 वर्ष की आयु के युवाओं को नेतृत्व के अवसर उपलब्ध कराने वाला वैश्विक गैर-लाभकारी संगठन है। संगठन का उद्देश्य युवाओं की प्रतिभा, ऊर्जा और नेतृत्व क्षमता को समाज में सकारात्मक परिवर्तन के लिए उपयोग करना है। जेसीआई का नेटवर्क 115 से अधिक देशों में 5 हजार से अधिक स्थानीय संगठनों के माध्यम से सक्रिय है। जेसीआई वीक की शुरुआत सर्रेनवल सिपिंग डे से होगी। इसके तहत ‘प्लास्टिक हटाओ, स्टील अपनाओ’ अभियान चलाकर सिंगल यूज प्लास्टिक के स्थान पर स्टील की बोतल एवं अन्य टिकाऊ विकल्प अपनाने के लिए लोगों को प्रेरित किया जाएगा। सामूहिक स्टील बोतल वितरण, जनजागरूकता और जनसंपर्क गतिविधियां होंगी। दूसरे दिन यूथ लीडरशिप एंड वॉइस डे मनाया जाएगा। इसमें अंतरमहाविद्यालयीन वाद-विवाद प्रतियोगिता, यूथ पार्लियामेंट, सीपीआर प्रशिक्षण, वर्क-लाइफ बैलेंस और पर्सनल ब्रांडिंग जैसे कार्यक्रम होंगे। इनका उद्देश्य युवाओं में नेतृत्व, आत्मविश्वास और संवाद कौशल बढ़ाना है। तीसरे दिन ह्यूमन ड्यूटीज एंड डिजिटल आउटरिच डे के तहत अधिकारों के साथ कर्तव्यों की समझ विकसित करने के लिए अभियान चलाया जाएगा। डिजिटल माध्यमों और ऑनलाइन एंगेजमेंट के जरिए जिम्मेदार नागरिकता का संदेश लोगों तक पहुंचाया जाएगा। चौथे दिन बिजनेस एंड नेटवर्क ग्रोथ डे के तहत बिजनेस कम्युनिटी और जेसीआई सदस्यों के बीच नेटवर्किंग बढ़ाने के लिए जे-कॉम ऑपरेशन एवं नेटवर्किंग मीट आयोजित की जाएगी। पांचवें दिन मेंबरशिप एक्सपेंशन डे मनाते हुए युवाओं को जेसीआई से जोडऩे के लिए इनवाइट एड एंज, मेंबर स्पॉटलाइट और वेलकम न्यू मेंबर्स जैसी गतिविधियां होंगी। छठे दिन फैमिली बॉन्डिंग डे के तहत फैमिली टाइम, फैमिली एक्टिविटीज और एक्सप्रेस एक्टिविटीज आयोजित की जाएंगी। संगठन का संदेश है कि स्ट्रॉन्ग फैमिली ही स्ट्रॉन्ग कम्युनिटी की नींव है। सप्ताह के अंतिम दिन ग्रैंड फिनाले ऑनरिंग हीरोज एंड साइलेंट स्टार्स डे आयोजित होगा। इसमें ऐसे लोगों को सम्मानित किया जाएगा, जो समाज के लिए महत्वपूर्ण योगदान दे रहे हैं, लेकिन उनकी उपलब्धियां अक्सर लोगों की नजरों से दूर रहती हैं। साइलेंट स्टार्स सम्मान और ग्रैंड सेलिब्रेशन के साथ सप्ताह का समापन होगा। उनका कहना है कि जेसीआई वीक का उद्देश्य केवल सात दिनों तक कार्यक्रम आयोजित करना नहीं, बल्कि इन गतिविधियों के माध्यम से ऐसे सकारात्मक बदलाव की शुरुआत करना है, जिसका प्रभाव लंबे समय तक समाज में दिखाई दे। संस्था ने शहर के युवाओं, बिजनेस कम्युनिटी, सामाजिक संगठनों, परिवारों, मीडिया और शहरवासियों से जेसीआई वीक के कार्यक्रमों में सक्रिय सहभागिता की अपील की है।

Related Articles