पेट्रोल पंप की पानी टंकी में मिली कर्मचारी की लाश, मचा हडक़ंप

- Advertisement -
ड्यूटी के दौरान अचानक हुआ था लापता, टंकी में पानी के साथ मिला पेट्रोल, पुलिस जांच में जुटी
कोरबा@M4S:शहर के मुड़ापार स्थित पेट्रोल पंप परिसर में पानी की टंकी में एक कर्मचारी की लाश मिलने से हडक़ंप मच गया। मृतक की पहचान 39 वर्षीय ओमप्रकाश यादव के रूप में हुई है, जो राताखार में रहता था और मूलत: जांजगीर-चांपा जिले का निवासी था। घटना की सूचना मिलते ही मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई।
जानकारी के अनुसार पेट्रोल पंप में पेट्रोल डालने का काम करता था और मंगलवार को सेकंड शिफ्ट में ड्यूटी पर आया था। उस समय पंप पर तीन कर्मचारी तैनात थे। ड्यूटी के दौरान ओमप्रकाश अचानक लापता हो गया। काफी देर तक नजर नहीं आने पर साथी कर्मचारी खुशी मिश्रा ने पंप संचालक को इसकी जानकारी दी। इसके बाद उसकी तलाश शुरू की गई। खोजबीन के दौरान पेट्रोल टंकी से लगी पानी की टंकी में ओमप्रकाश की लाश मिली। बताया जा रहा है कि टंकी के पानी में पेट्रोल मिला हुआ था और शव से भी पेट्रोल की तेज दुर्गंध आ रही थी। घटना की सूचना पुलिस को दी गई, जिसके बाद मामले की जांच शुरू कर दी गई है। बताया जा रहा है कि ओमप्रकाश शराब पीने का आदी था और घटना के समय उसके नशे में होने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि उसकी मौत किन परिस्थितियों में हुई, यह जांच के बाद ही स्पष्ट होगा। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर घटना के कारणों की पड़ताल शुरू कर दी है।

Related Articles