नोरा फतेही पर 3 करोड़ की मानहानि का केस, चार्टर्ड प्लेन को ‘खिलौना’ बताना पड़ा भारी

- Advertisement -

नोरा फतेही पर एविएशन कंपनी ने 3 करोड़ रुपये की मानहानि का मुकदमा किया है। कंपनी का आरोप है कि विमान को लेकर उनकी सोशल मीडिया टिप्पणियों से बुकिंग और प्रतिष्ठा को नुकसान पहुंचा

नई दिल्ली (एजेंसी):बॉलीवुड अभिनेत्री और डांसर नोरा फतेही एक बार फिर कानूनी विवाद में घिर गई हैं। उनके खिलाफ गुजरात के गांधीनगर की अदालत में 3 करोड़ रुपये की सिविल मानहानि याचिका दायर की गई है। यह मामला एविएशन कंपनी की ओर से दर्ज कराया गया है। कंपनी का आरोप है कि नोरा ने उसके चार्टर्ड विमान को लेकर सोशल मीडिया पर ऐसी टिप्पणियां कीं, जिन्हें वह अपमानजनक, गैर-जिम्मेदाराना और तथ्यों की पुष्टि किए बिना की गई टिप्पणी मानती है। मामले की सुनवाई वरिष्ठ सिविल जज आर अग्रवाल की अदालत में 25 सितंबर को होने वाली है।

मामला पिछले साल दिसंबर का बताया जा रहा है। दायर मुकदमे के मुताबिक नोरा फतेही मुंबई से जयपुर की यात्रा के दौरान एविएशन कंपनी के सेसना साइटेशन CJ2 विमान में सवार थीं। इसी सफर के दौरान अभिनेत्री ने विमान के अंदर कुछ वीडियो रिकॉर्ड किए। कंपनी का दावा है कि इन वीडियो में नोरा ने विमान के आकार और लुक को लेकर कथित तौर पर ‘मिनीएचर’, ‘टॉय’ और ‘लेगो एयरप्लेन’ जैसे शब्दों का इस्तेमाल किया था। बाद में इन वीडियो को नोरा ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर शेयर किया। अभिनेत्री के सोशल मीडिया पर करोड़ों फॉलोअर्स हैं, ऐसे में कंपनी का कहना है कि उनकी टिप्पणियों का असर बड़े स्तर पर हुआ। एविएशन कंपनी के अनुसार वीडियो सामने आने के बाद उसे ग्राहकों की प्रतिक्रिया का सामना करना पड़ा और कुछ बुकिंग भी रद्द हुईं।

एविएशन कंपनी ने अदालत में दाखिल याचिका में दावा किया है कि नोरा की सोशल मीडिया पोस्ट से कंपनी के कारोबार पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ा। कंपनी के मुताबिक, इन टिप्पणियों के बाद बुकिंग में करीब 15 से 20 प्रतिशत तक गिरावट दर्ज की गई। इसके अलावा कंपनी ने अपनी प्रतिष्ठा और वर्षों में बनाए गए गुडविल को नुकसान पहुंचने का भी दावा किया है। कंपनी ने नोरा की टिप्पणियों को कथित तौर पर बिना तकनीकी जानकारी, जांच या तथ्यों की पुष्टि के की गई टिप्पणी बताया है। याचिका में यह भी कहा गया है कि अभिनेत्री के सोशल मीडिया प्रभाव को देखते हुए ऐसी टिप्पणियों का व्यावसायिक असर सामान्य स्थिति की तुलना में काफी ज्यादा हो सकता है।

एविएशन कंपनी ने अपने पक्ष में कहा है कि जिस विमान को लेकर टिप्पणी की गई, वह मुंबई से जयपुर के सफर के लिए उपयुक्त था। कंपनी के अनुसार विमान नागरिक उड्डयन महानिदेशालय यानी DGCA से प्रमाणित था और उड़ान भरने के लिए पूरी तरह एयरवर्दी स्थिति में था। कंपनी ने यह भी दावा किया है कि विमान का संचालन सभी निर्धारित नियमों के तहत किया जा रहा था और उसके पास वैध NSOP यानी Non-Scheduled Operator Permit मौजूद था। ऐसे में कंपनी का कहना है कि विमान को लेकर सोशल मीडिया पर की गई टिप्पणियां उसके तकनीकी और कानूनी स्टेटस को सही तरीके से पेश नहीं करती थीं।

मानहानि के इस मामले में एविएशन कंपनी ने नोरा फतेही से 3 करोड़ रुपये के हर्जाने की मांग की है। इसके साथ ही कंपनी ने अदालत से यह निर्देश देने की अपील की है कि अभिनेत्री अपने सोशल मीडिया अकाउंट से विमान को लेकर की गई संबंधित पोस्ट और वीडियो हटा दें। कंपनी ने अदालत के सामने एक सार्वजनिक स्पष्टीकरण की मांग भी रखी है। यानी वह चाहती है कि नोरा अपनी टिप्पणियों को लेकर सार्वजनिक तौर पर स्थिति स्पष्ट करें। अब मामले में अभिनेत्री का पक्ष और अदालत की आगे की कार्यवाही महत्वपूर्ण होगी। यह पहली बार नहीं है जब नोरा फतेही किसी विवाद के केंद्र में आई हैं। इसी साल मई में वह फिल्म ‘KD: द डेविल’ के गाने ‘सरके चुनर’ को लेकर भी विवादों में रही थीं। इस फिल्म में नोरा के साथ संजय दत्त भी नजर आए हैं। गाने के रिलीज होने के बाद सोशल मीडिया पर कुछ लोगों ने इसके बोल और डांस मूव्स को लेकर आपत्ति जताई थी। कई यूजर्स ने इसे अश्लील और आपत्तिजनक बताते हुए आलोचना की थी।

विवाद बढ़ने के बाद राष्ट्रीय महिला आयोग यानी NCW ने नोरा को समन किया था। अभिनेत्री आयोग के सामने पेश हुईं और बाद में मीडिया से बातचीत के दौरान उन्होंने इस पूरे विवाद पर माफी भी मांगी थी। नोरा ने इस मौके पर एक सामाजिक पहल की घोषणा करते हुए अनाथ बच्चियों की शिक्षा का खर्च उठाने की बात कही थी। नोरा फतेही के खिलाफ दायर यह नया मानहानि मुकदमा उनके लिए कानूनी तौर पर एक और चुनौती बनकर सामने आया है। एक तरफ कंपनी ने अपने कारोबार और प्रतिष्ठा को हुए कथित नुकसान का हवाला देते हुए 3 करोड़ रुपये के मुआवजे की मांग की है, वहीं विमान की प्रमाणिकता और संचालन से जुड़े दस्तावेजों को भी अपने पक्ष का आधार बनाया है। अब 25 सितंबर को होने वाली सुनवाई में अदालत इस मामले से जुड़े पक्षों को सुनेगी। फिलहाल, यह मामला सोशल मीडिया पर किसी सेलिब्रिटी की टिप्पणी के संभावित व्यावसायिक प्रभाव को लेकर भी चर्चा का विषय बन गया है।

Related Articles