साइबर ठगी से बचने पुलिस ने बैंक, स्कूल और सार्वजनिक स्थलों पर दी समझाइश

- Advertisement -
ओटीपी,यूपीआई पिन और पासवर्ड साझा नहीं करने की अपील
कोरबा@M4S:साइबर अपराध और ऑनलाइन ठगी के बढ़ते मामलों को देखते हुए कोरबा पुलिस द्वारा चलाए जा रहे साइबर जागृति अभियान के तहत सोमवार को जिलेभर में व्यापक जागरूकता अभियान चलाया गया। पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी के मार्गदर्शन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक लखन पटले और नितीश ठाकुर के निर्देशन में विभिन्न थाना क्षेत्रों में बैंकिंग संस्थानों, औद्योगिक प्रतिष्ठानों, स्कूलों और सार्वजनिक स्थानों पर कार्यक्रम आयोजित कर नागरिकों को साइबर अपराध से बचाव के उपाय बताए गए।
पुलिस टीमों ने कोतवाली, बालको, दर्री, दीपका, बांकीमोंगरा, सिविल लाइन, पाली, बांगो, रजगामार, चैतमा सहित विभिन्न थाना क्षेत्रों में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए। कोरबा शहर में जैन भवन पुराना बस स्टैंड, जेपी हाई स्कूल, बुधवारी बाजार, सरईपारा-कोहडिय़ा सहित कई स्थानों पर लोगों को साइबर अपराध के प्रति जागरूक किया गया। इसी तरह बालको क्षेत्र के चेकपोस्ट, व्यावसायिक परिसर, राम मंदिर के सामने, मास्टर क्लास, मिनीमाता नगर, एकता नगर, लालघाट, प्रोजेक्ट गेट, ओएस कॉलोनी, रिंग रोड, बेलगाड़ी नाका, मटेरियल गेट, जुबिली पार्क, परसाभाठा समेत विभिन्न स्थानों पर पुलिस ने लोगों से संवाद किया। कुसमुंडा में चुनचुनी हाई स्कूल और माध्यमिक शाला नारायणबोध, बांकीमोंगरा में एसबीआई तथा सीसीएल कर्मचारियों के बीच भी जागरूकता कार्यक्रम हुआ। उरगा थाना परिसर के अलावा कनकी, तरदा बाजार, उरगा चौक और भैंसमा चौक, पताड़ी के अडानी पावर प्लांट, रजगामार थाना, मानिकपुर चौकी के आश्रम मुड़पार, दीपका के श्रमिक चौक, सीएचसी अस्पताल, गेवराचौक और प्रगतिनगर दीपका हाउस में भी लोगों को साइबर अपराधों से बचने के तरीके बताए गए। वहीं बांगो क्षेत्र के गार्सिया चौक, जुनापारा और अटल चौक, दर्री के फर्टिलाइजर बस्ती शिव मंदिर के पास तथा हरदीबाजार क्षेत्र के कोलबसरी, रानी पेट्रोल पंप, धतूरा और मेड़पार में पुलिस टीम ने जागरूकता अभियान चलाया। पाली क्षेत्र के मादनपाली और कोसाबाड़ीपाली में भी ग्रामीणों को साइबर ठगी के प्रति सचेत किया गया। पुलिस ने नागरिकों को यूपीआई फ्रॉड, फर्जी कॉल, ऑनलाइन ठगी और अन्य साइबर अपराधों की जानकारी देते हुए सतर्क रहने की समझाइश दी। लोगों से कहा गया कि वे किसी भी अनजान व्यक्ति के साथ ओटीपी, यूपीआई पिन, पासवर्ड या बैंक खाते से संबंधित जानकारी साझा न करें। अनजान लिंक पर क्लिक करने, संदिग्ध एपीके फाइल डाउनलोड करने और फर्जी वेबसाइट पर व्यक्तिगत या बैंकिंग जानकारी दर्ज करने से भी बचने की सलाह दी गई।
ठगी होने पर तुरंत 1930 पर करें शिकायत
कोरबा पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि साइबर ठगी का शिकार होने पर घबराने के बजाय तत्काल कार्रवाई करें। साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज कराएं अथवा साइबरक्राइम.गॉव.इन के माध्यम से ऑनलाइन रिपोर्ट करें। पुलिस ने बताया कि ठगी के बाद जितनी जल्दी शिकायत की जाती है, ठगी की रकम को रोकने की संभावना उतनी ही बढ़ जाती है।पुलिस ने नागरिकों से सतर्क रहने, सुरक्षित डिजिटल व्यवहार अपनाने और साइबर अपराध के प्रति स्वयं जागरूक होने के साथ दूसरों को भी जागरूक करने की अपील की।

Related Articles