कोरबा@M4S:लकेजा के आमापाली में उस वक्त अफरा तफरी मच गई, जब एक ऑटो पार्टस की दुकान से धुएं के साथ आग की लपटें निकलते दिखी। इस आग ने देखते ही देखते पूरे दुकान को चपेट में ले लिया। संचालक ने परिजन और बस्तीवासियों के साथ मिलकर आग पर काबू पाया, तब तक रिपेयरिंग के लिए आए 4 बाइक, दो स्कूटी व दो साइकिल सहित अन्य सामान जलकर खाक हो चुके थे। मामले में पुलिस ने प्रकरण पंजीबद्ध कर विवेचना शुरू की है।
बताया जा रहा है कि उरगा थानांतर्गत ग्राम तिलकेजा के आमापाली में सुनील कुमार देवांगन निवास करता है। वह देवांगन ऑटो पार्टस नामक प्रतिष्ठान का संचालन करता है। प्रतिदिन की तरह गुरूवार की रात संचालक दुकान बंद कर चला गया। उसे रात करीब 10.30 बजे दुकान के आंगन से धुएं के साथ आग की लपटें निकलते दिखी। वह परिजनों के साथ मौके पर पहुंचा तो आंगन में खड़ी बाइक धू धू कर जल रहे थे। वे कुछ करते, इससे पहले आग ने भीषण रूप ले लिया। यह आग दुकान के भीतर तक जा पहुंची। संचालक ने परिजन और बस्तीवासियों की मदद से आग बुझाने का प्रयास शुरू किया। वे बोरवेल्स से पाइप और बाल्टी से पानी डालकर आग बुझाते रहे। करीब आधे घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू तो पा लिया गया, लेकिन दुकान को जलने से नही बचाया जा सका। आग की चपेट में आने से रिपेयरिंग के लिए आऐ 4 बाइक, 2 स्कूटी व 2 साइकिल के अलावा भीतर रखे कीमती सामान जलकर खाक हो गए। घटना की सूचना संचालक ने थाना पहुंचकर दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर निरीक्षण किया। इस दौरान कोई भी सुराग नही मिला, जिससे आग लगने की वजह स्पष्ट हो। बहरहाल पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है।
ऑटो पार्टस की दुकान में लगी भीषण आग चार बाइक, दो स्कूटी व दो साइकिल सहित अन्य सामान जलकर खाक
- Advertisement -


















