GEN ALFA PROTEST:एकलव्य स्कूल के बच्चे फिर सडक़ पर, कटघोरा-कोरबा मार्ग जाम  तीसरी बार विरोध प्रदर्शन, आश्वासन के बाद भी समाधान नहीं होने से फूटा आक्रोश

- Advertisement -
कोरबा@M4S:छुरी स्थित एकलव्य विद्यालय के विद्यार्थियों का आक्रोश एक बार फिर सडक़ पर दिखाई दिया। स्कूल प्रबंधन के खिलाफ शिकायतों का समाधान नहीं होने से गुरुवार को बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं सडक़ पर बैठ गए और कटघोरा-कोरबा मार्ग को जाम कर दिया। चक्काजाम के कारण मार्ग के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई और आवागमन पूरी तरह प्रभावित हो गया।
बताया जा रहा है कि विद्यार्थियों का यह तीसरा विरोध प्रदर्शन है। लगातार शिकायत और आश्वासन के बावजूद समस्याओं का निराकरण नहीं होने से बच्चों में नाराजगी बढ़ती जा रही है। इससे पहले विद्यार्थियों ने कटघोरा विधायक और सहायक आयुक्त के समक्ष अपनी शिकायत रखी थी। इसके बाद दूसरी बार इसी स्थान पर सडक़ जाम कर विरोध जताया गया था। दूसरी बार चक्काजाम के दौरान एसडीएम कटघोरा, तहसीलदार और सहायक आयुक्त मौके पर पहुंचे थे। अधिकारियों ने विद्यार्थियों के साथ बैठक कर उनकी समस्याएं सुनी थीं और मामले का समाधान कराने का आश्वासन दिया था। इसके बावजूद विद्यार्थियों का कहना है कि उनकी प्रमुख समस्याओं का अपेक्षित समाधान नहीं हुआ। इसी से नाराज होकर विद्यार्थियों ने गुरुवार को फिर सडक़ पर उतरकर विरोध शुरू कर दिया। छात्र-छात्राओं के सडक़ पर बैठने से कटघोरा से कोरबा जाने वाले मुख्य मार्ग पर यातायात थम गया। लगातार तीसरी बार विद्यार्थियों के विरोध प्रदर्शन ने प्रशासनिक व्यवस्था और शिकायतों के निराकरण की प्रक्रिया पर सवाल खड़े कर दिए हैं। यदि पिछली बैठक में दिए गए आश्वासन के बाद समय पर कार्रवाई होती तो विद्यार्थियों को दोबारा सडक़ पर उतरने की जरूरत नहीं पड़ती।
क्या स्कूल की गुटबाजी बन रही आंदोलन की वजह?
इस पूरे मामले में अब एक और गंभीर पहलू सामने आ रहा है। एकलव्य विद्यालय में शिक्षकों के बीच कथित गुटबाजी और आपसी खींचतान के कारण छात्रों के बीच भी गुटबाजी को हवा मिलने की बात कही जा रही है। हालांकि इस दावे की आधिकारिक पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी। पिछले आंदोलन के दौरान भी छात्रों ने कथित तौर पर प्रिंसिपल को कमरे में बंद करने के बाद मुख्य मार्ग पर चक्काजाम किया था। लगातार हो रहे आंदोलनों ने स्कूल प्रबंधन के साथ-साथ प्रशासन के सामने भी कई सवाल खड़े कर दिए हैं।
सहायक आयुक्त की जांच रिपोर्ट तैयार होने की चर्चा
सूत्रों के मुताबिक पिछले आंदोलन और छात्रों की शिकायतों को लेकर सहायक आयुक्त स्तर पर जांच की प्रक्रिया पूरी कर रिपोर्ट तैयार किए जाने की जानकारी सामने आ रही है। अब इस रिपोर्ट में क्या निष्कर्ष सामने आए हैं और जिम्मेदारी किसकी तय होती है, इस पर सबकी नजर है। हालांकि जांच रिपोर्ट पर अंतिम कार्रवाई जनजातीय कार्य मंत्रालय से की जायेगी। बताया जा रहा है कि दिल्ली जनजातीय कार्य मंत्रालय में रिपोर्ट भेजे जाने के बाद जल्द ही इस पूरे प्रकरण में बड़ी कार्रवाई हो सकती है।

Related Articles