कोरबा@M4S:केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई) ने 12वीं बोर्ड परीक्षा के री-इवैल्यूएशन, री-चेकिंग और अंक सत्यापन के परिणाम जारी कर दिए हैं। इसके साथ ही जिले के उन सैकड़ों विद्यार्थियों का लंबा इंतजार खत्म हो गया है, जिन्होंने मुख्य परीक्षा परिणाम से असंतुष्ट होकर अपनी उत्तरपुस्तिकाओं के पुनर्मूल्यांकन के लिए आवेदन किया था। परिणाम जारी होने के बाद अब छात्र डिजिलॉकर के माध्यम से अपने आवेदन की स्थिति और संशोधित अंक देख सकते हैं।
इस फैसले से सबसे बड़ी राहत उन विद्यार्थियों को मिली है, जिनके उच्च शिक्षा संस्थानों, इंजीनियरिंग कॉलेजों, मेडिकल कॉलेजों, विश्वविद्यालयों और प्रोफेशनल कोर्सों में प्रवेश अंकों के कारण अटक गए थे। कई छात्र ऐसे थे जिनके अंक कटऑफ से कुछ नंबर कम होने के कारण वे मनपसंद कॉलेज और कोर्स में प्रवेश लेने से वंचित हो रहे थे। अब पुनर्मूल्यांकन के बाद अंकों में बढ़ोतरी होने पर उनके लिए नए अवसर खुल सकते हैं। शिक्षाविदों का मानना है कि री-इवैल्यूएशन के परिणाम ऐसे समय जारी हुए हैं जब देशभर के विश्वविद्यालयों और कॉलेजों में प्रवेश प्रक्रिया अंतिम चरण में है। कई केंद्रीय विश्वविद्यालय, राज्य विश्वविद्यालय, निजी विश्वविद्यालय तथा तकनीकी संस्थान मेरिट के आधार पर सीटें आवंटित कर रहे हैं। ऐसे में जिन विद्यार्थियों के अंक बढ़े हैं, वे अब बेहतर कॉलेज और पसंदीदा विषय में प्रवेश पाने के लिए दावा मजबूत कर सकेंगे। विशेषज्ञों के अनुसार कुछ मामलों में केवल 2 से 5 अंक भी छात्र का भविष्य बदल सकते हैं। यही कारण है कि री-इवैल्यूएशन के परिणाम का छात्र और अभिभावक बेसब्री से इंतजार कर रहे थे। अब संशोधित अंकपत्र मिलने के बाद विद्यार्थी संबंधित संस्थानों में अपडेटेड मार्कशीट जमा कर सकेंगे। परिणाम जारी होने के बाद कोरबा के विद्यार्थियों और अभिभावकों में खुशी का माहौल देखा जा रहा है। कई छात्र ऐसे हैं जिनके अंक बढ़ने से उनकी मेरिट में सुधार हुआ है। वहीं कुछ छात्रों के लिए अब इंजीनियरिंग, बीएससी, बीकॉम, बीए, नर्सिंग, फामेर्सी और अन्य व्यावसायिक पाठ्यक्रमों में प्रवेश की राह आसान हो सकती है। अभिभावकों का कहना है कि बोर्ड परिणाम के बाद बच्चों पर मानसिक दबाव था, क्योंकि प्रवेश प्रक्रिया तेजी से आगे बढ़ रही थी। ऐसे में पुनर्मूल्यांकन के नतीजे समय पर आने से उन्हें काफी राहत मिली है।
डिजिलॉकर पर देख सकते हैं परिणाम
सीबीएसई ने विद्यार्थियों को सलाह दी है कि वे डिजिलॉकर और बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट के माध्यम से अपने आवेदन की स्थिति और संशोधित परिणाम देखें। जिन छात्रों के अंकों में बदलाव हुआ है, उनके लिए संशोधित अंकपत्र भी उपलब्ध कराया जा रहा है। अधिकांश आवेदनों के परिणाम जारी कर दिए गए हैं, जबकि कुछ विद्यार्थियों के परिणाम तकनीकी और प्रक्रिया संबंधी कारणों से अगले कुछ दिनों में जारी किए जाएंगे। ऐसे विद्यार्थियों को नियमित रूप से पोर्टल पर जानकारी देखने की सलाह दी गई है।






