कोरबा@M4S:सीएसईबी पुलिस ने बाजार से घर लौट रही युवती के साथ मारपीट व मोबाइल लूट के मामले को सुलझा लिया है। मामले में वारदात को अंजाम देने वाला आरोपी पकड़ा गया है। उसकी निशानदेही पर लूटे गए मोबाइल को बरामद किया गया है। पुलिस ने वैधानिक कार्रवाई उपरांत आरोपी को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।
घटना सीएसईबी रेलवे फाटक के समीप 30 मार्च की रात करीब 9 बजे घटित हुई थी। सीएसईबी पुलिस चौकी अंतर्गत अटल आवास पंप हाऊस में पूनम राय 24 वर्ष निवास करती है। वह बुधवारी बाजार से खरीदारी कर घर लौट रही थी। इसी दौरान रेलवे फाटक के पास अंधेरे का फायदा उठाते हुए एक युवक ने उसका हाथ पकड़ लिया। इसके साथ ही युवती के साथ मारपीट शुरू कर दी। वह कुछ समझ पाती, इससे पहले युवक युवती के हाथ में रखे 15 हजार कीमती मोबाइल लूटकर फरार हो गया। जिसकी शिकायत पीड़िता ने पुलिस चौकी पहुंचकर दी। मामले से चौकी प्रभारी राजेश तिवारी ने आला अफसरों को अवगत कराया। उनके निर्देश पर जुर्म पंजीबद्ध कर लिया गया। पुलिस कप्तान सिद्धार्थ तिवारी के निर्देश एएसपी लखन पटले व सीएसपी कोरबा प्रतीक चतुर्वेदी के मार्गदर्शन तथा सिविल लाइन थाना प्रभारी डीएसपी आस्था शर्मा के पर्यवेक्षण में चौकी प्रभारी श्री तिवारी ने अपनी टीम के साथ जांच पड़ताल शुरू की। पुलिस ने सीसीटीवी कैमरे खंगाले तो उसमें एक संदिग्ध की तस्वीर कैद मिली। इस तस्वीर की पहचान जैन मंदिर के पीछे बुधवारी रेलवे किनारे की बस्ती में रहने वाले रामा सोरी 29 वर्ष के रूप में हुई। पुलिस संदेही की तलाश में पहुंची, तब तक वह फरार हो चुका था। पुलिस ने उसे पकड़ने मुखबीरों का जाल बिछा दिया था। लगातार चले खोजबीन के बाद आखिरकार मुखबीर की सूचना पर पुलिस ने रविवार की सुबह बस्ती से आरोपी को दबोच लिया। पूछताछ करने पर रामा ने युवती से मारपीट व लूट को अंजाम देना स्वीकार कर लिया। पुलिस ने उसकी निशानदेही पर लूटे गए मोबाइल को बरामद किया है। मामले में वैधानिक कार्रवाई उपरांत आरोपी को न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है। कार्रवाई में चौकी प्रभारी श्री तिवारी के अलावा प्रशिक्षु उनि प्रमोद पटेल, प्रआर गोविंद सिंह व आरक्षक रितेश शर्मा की सराहनीय भूमिका रही।
CCTV कैमरे में कैद फुटेज से लुटेरे तक पहुंची पुलिस मारपीट व मोबाइल लूट के मामले में आरोपी गिरफ्तार
- Advertisement -








