मोबाइल शॉप में चोरी करने वाले दो अपचारी सहित तीन आरोपी पकड़ाए  24 घंटे के भीतर का पुलिस ने किया मामले का पर्दाफाश

- Advertisement -

कोरबा@M4S:उरगा पुलिस ने बरपाली स्थित मोबाइल दुकान में हुई चोरी के मामले को महज 24 घंटे के भीतर सुलझा लिया। पुलिस को आरोपियों तक पहुंचाने में सीसीटीवी कैमरे का अहम भूमिका रही। मामले में दो अपचारी बालक सहित तीन आरोपी पकड़े गए हैं, जिन्होंने बिलासपुर से लौटते समय चोरी को अंजाम दिया था। उनकी निशानदेही पर स्कूटी व नौ हजार नगदी बरामद करते हुए वैधानिक कार्रवाई की गई है।
उरगा थानांतर्गत ग्राम बरपाली में विनोद कुमार रात्रे निवास करता है। वह जिला सहकारी केंद्रीय बैंक के समीप कम्प्यूटर व मोबाइल शॉप का संचालन करता है। प्रतिदिन की तरह शुक्रवार को दुकान बंद कर घर चला गया था। वह सुबह दुकान खोलने पहुंचा तो शटर में लगा ताला टूटा मिला। व्यवसायी ने भीतर जाकर देखा तो सामान अस्त व्यस्त मिले। शातिर चोरों ने दुकान में रखे दस हजार नगदी को पार कर दिया था। जिसकी सूचना विनोद ने थाना पहुंचकर दी। सूचना मिलते ही पुलिस हरकत में आ गई। थाना प्रभारी नवीन पटेल मातहत अधिकारी व जवानों के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण करते हुए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरे खंगाले। इस दौरान कैमरे में स्कूटी सवार तीन लोगों की तस्वीर कैद मिली, जो रात करीब 4 बजे दुकान के सामने पहुंचे और शटर मे लगे ताला तोड़कर भीतर घुसे थे। पुलिस ने सीसीटीवी कैमरे में कैद तस्वीर के आधार पर संदेहियों की पतासाजी शुरू की। इस दौरान एक युवक की पहचान 15 ब्लॉक पंप हाऊस निवासी युवराज सिंह राजपूत 19 वर्ष के रूप में हुई। पुलिस ने संदेही को पकड़कर पूछताछ की तो उसने दो नाबालिग के साथ मिलकर चोरी की बात स्वीकार कर ली। पूछताछ में पता चला कि तीनों बिलासपुर से लौट रहे थे। इस दौरान उनकी नजर दुकान पर पड़ी। दुकान में लगे शटर व जमीन के बीच गैप दिखाई दे रही थी, जिससे तीनों ने चोरी की योजना तैयार कर ली। वे मड़वारानी के पास से सरिया लेकर आए और शटर में लगे ताला तोड़कर भीतर घुसे थे। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर चोरी के नौ हजार नगदी के अलावा वारदात में प्रयुक्त स्कूटी को बरामद किया है। मामले में वैधानिक कार्रवाई उपरांत आरोपी न्यायालय में पेश किया गया, जबकि अपचारी बालको के खिलाफ विधि अनुसार कार्रवाई की गई है।

Related Articles