कोरबा@M4S:कटघोरा क्षेत्र के वार्ड क्रमांक ०५ में ओपीवीसी पाइप लाइन विस्तार को लेकर बड़ा खुलासा सामने आया है। आरोप है कि पाइप लाइन विस्तार के नाम पर पहले ही भुगतान कर दिया गया, जबकि जमीनी स्तर पर काम शुरू तक नहीं हुआ था। मामला तब गरमाया जब इसकी शिकायत कलेक्टर तक पहुंची, जिसके बाद अब आनन-फानन में काम शुरू कराए जाने की चर्चा तेज हो गई है। शिकायतकर्ता अनिल अग्रवाल ने नगर पालिका परिषद को दिए आवेदन में बताया कि वार्ड के तीन प्रमुख स्थान नवागांव रोड से गोकुल धाम मेन रोड, सुरेंद्र गिरी के घर से मोती गोदाम और नवागांव स्कूल से गोरिया भांठा रामगोपाल के घर तक पाइप लाइन विस्तार प्रस्तावित था।

लेकिन लंबे समय तक इन जगहों पर कोई काम नहीं हुआ, जिससे स्थानीय लोगों में भारी नाराजगी थी। सबसे गंभीर आरोप यह है कि बिना काम के ही भुगतान कर दिया गया। जैसे ही यह मामला उच्च स्तर तक पहुंचा, अब तेजी से काम शुरू कराने की कोशिशें दिखने लगी हैं। इसे लेकर लोगों में सवाल उठ रहे हैं कि क्या यह कार्रवाई केवल शिकायत दबाने के लिए की जा रही है? गर्मी के इस मौसम में पानी की किल्लत से जूझ रहे वार्डवासियों का कहना है कि अगर समय पर काम होता, तो उन्हें परेशानी नहीं उठानी पड़ती।
अब जब मामला उजागर हुआ है, तो प्रशासन हरकत में आया है। शिकायतकर्ता ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच और दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की है। वहीं स्थानीय लोगों की नजर अब इस बात पर टिकी है कि प्रशासन सिर्फ काम पूरा कर मामला शांत करता है या फिर पूरे घोटाले की गहराई से जांच भी होती है।





































