प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूर्ण होने पर भाजपा कोरबा में सेवा संकल्प अभियान की तैयारियां तेज
कोरबा@M4S:आशीर्वाद प्वाइंट,टी.पी.नगर कोरबा में भारतीय जनता पार्टी जिला कोरबा की जिला कार्यसमिति बैठक एवं “सेवा संकल्प अभियान” जिला कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में संभाग प्रभारी जगदीश रामू रोहरा,उद्योग मंत्री लखनलाल देवांगन,जिलाध्यक्ष गोपाल मोदी,जिला प्रभारी अनिल केशरवानी,जिला सह प्रभारी बृजेंद्र शुक्ला व महापौर संजूदेवी राजपूत की गरिमामय उपस्थिति रही।कार्यशाला में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में आगामी सेवा संकल्प उत्सव के कार्यक्रमों की रूपरेखा पर विस्तार से चर्चा की गई।कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों द्वारा दीप प्रज्ज्वलन एवं माल्यार्पण के साथ हुआ।इसके पश्चात वंदे मातरम् एवं राज्यगीत के साथ कार्यशाला की औपचारिक शुरुआत की गई। मंच संचालन जिला महामंत्री संजय शर्मा एवं अजय विश्वकर्मा ने किया।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश निरंतर विकास के पथ पर आगे बढ़ रहा हैं:रामू जगदीश रोहरा
रामू जगदीश रोहरा ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी की मूल विचारधारा समाज सेवा,मानव सेवा और राष्ट्र सेवा है।भाजपा की राज्य और केंद्र सरकारें इसी विचारधारा को आधार बनाकर जनकल्याण और राष्ट्र निर्माण के कार्यों को आगे बढ़ा रही हैं। उन्होंने कहा कि पार्टी के वरिष्ठ नेताओं और पूर्वजों ने जिस विचारधारा और सिद्धांतों की नींव रखी है,उसी मार्ग पर आज पार्टी आगे बढ़ रही है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से कहा कि सभी कार्यकर्ताओं को एक बार पंडित दीनदयाल उपाध्याय की जीवनी एवं उनके विचारों से संबंधित पुस्तक अवश्य पढ़नी चाहिए।इसमें कार्यकर्ताओं के दायित्व,समाज के प्रति उनकी भूमिका और राष्ट्रसेवा के लिए किए जाने वाले कार्यों की प्रेरणा मिलती है।उन्होंने कहा कि यदि किसी कार्यकर्ता के पास पुस्तक पढ़ने का समय नहीं है,तो आज के डिजिटल युग में मोबाइल और गूगल के माध्यम से भी पंडित दीनदयाल उपाध्याय जी के जीवन एवं विचारों के बारे में जानकारी प्राप्त की जा सकती है।रामू जगदीश रोहरा ने कहा कि अंत्योदय योजना से लेकर प्रधानमंत्री आवास योजना तक,केंद्र सरकार की अनेक जनकल्याणकारी योजनाएं समाज के अंतिम व्यक्ति तक लाभ पहुंचाने के उद्देश्य से संचालित की जा रही हैं। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे नई पीढ़ी और विशेषकर Gen-Z के युवाओं को केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं और उपलब्धियों की जानकारी जरूर दें,ताकि अधिक से अधिक लोग इन योजनाओं का लाभ उठा सकें। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश निरंतर विकास के पथ पर आगे बढ़ रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत की वैश्विक पहचान और प्रभाव लगातार मजबूत हुआ है, जो प्रत्येक भारतीय के लिए गौरव का विषय है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से कहा कि वे जनसेवा और राष्ट्र निर्माण के कार्यों में सक्रिय भागीदारी निभाते हुए पार्टी की विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाने का कार्य करें।
सेवा,सुशासन और जनभागीदारी का संकल्प है ‘सेवा संकल्प अभियान’: लखनलाल देवांगन
उद्योग मंत्री लखनलाल देवांगन ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 25 वर्षों की जनसेवा के महत्वपूर्ण पड़ाव को जनभागीदारी और सेवा भावना के साथ मनाने के लिए 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक एक माह का ‘सेवा संकल्प अभियान’ चलाया जाएगा।उन्होंने कहा कि यह अभियान केवल उपलब्धियों को बताने का कार्यक्रम नहीं है,बल्कि समाज के प्रत्येक वर्ग को सेवा,सुशासन,गरीब कल्याण, विकास और विकसित भारत के संकल्प से जोड़ने का व्यापक प्रयास है।
सेवा संकल्प अभियान’ में दिखेगा सेवा और समर्पण का महासंकल्प:गोपाल मोदी
जिलाध्यक्ष गोपाल मोदी ने अपने संबोधन में ‘सेवा संकल्प अभियान’ के अंतर्गत आयोजित होने वाले कार्यक्रमों की विस्तृत रूपरेखा प्रस्तुत की।उन्होंने बताया कि अभियान के तहत कुल नौ प्रमुख कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इनमें पहला ‘आशीर्वाद’, दूसरा ‘21 करोड़ बच्चों के सपनों का भारत’,तीसरा ‘नमो सेवा गाथा’, चौथा ‘आंगन उत्सव’, पांचवां ‘कहानी बदलाव की’,छठवां ‘विकसित भारत संकल्प यात्रा’, सातवां ‘सेवा ज्योति यात्रा’,आठवां ‘सेवा मेरा योगदान’ और नौवां ‘जन सेवक महाकुंभ’ शामिल हैं।इन सभी कार्यक्रमों के लिए संयोजकों की नियुक्ति कर दी गई है। उन्होंने कहा कि मंडल स्तर से लेकर बूथ स्तर तक सभी कार्यकर्ताओं को आपसी समन्वय और मिल-जुलकर इन कार्यक्रमों को सफलतापूर्वक संपन्न करना है। गोपाल मोदी ने कहा कि देश के यशस्वी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने लंबे समय से राष्ट्रसेवा को अपना जीवन समर्पित किया है। उन्होंने गुजरात के मुख्यमंत्री के रूप में 13 वर्षों तथा केंद्र में प्रधानमंत्री के रूप में 12 वर्षों से देश की सेवा की है। प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी ने ‘विकसित भारत’ का संकल्प लिया है और इस संकल्प को साकार करने में हम सभी को अपना योगदान देना है।
17 सितंबर से शुरू होगा सेवा संकल्प अभियान:अनिल केशरवानी
जिला प्रभारी अनिल केसरवानी ने कार्यशाला में बताया गया कि सेवा संकल्प उत्सव का शुभारंभ 17 सितंबर से होगा।अभियान के अंतर्गत जिलेभर में विभिन्न जनभागीदारी एवं सेवा गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा।‘आशीर्वाद का दिया’ अभियान के तहत 17 सितंबर को जिले के प्रत्येक बूथ पर प्रत्येक परिवार द्वारा दीप प्रज्ज्वलित कर सेवा,राष्ट्र और जनकल्याण के संकल्प में सहभागिता की जाएगी। इसके साथ ही स्कूलों में राष्ट्रव्यापी ड्राइंग एवं भाषण प्रतियोगिताएं आयोजित कर उत्कृष्ट प्रतिभागियों को पुरस्कार प्रदान किए जाएंगे।
गांव-गांव पहुंचेगी ‘सेवा ज्योति यात्रा:बृजेन्द्र शुक्ला
जिला सह प्रभारी बृजेन्द्र शुक्ला ने कहां कि सेवा संकल्प उत्सव के दौरान गांव-गांव ‘सेवा ज्योति यात्रा’ निकाली जाएगी।इसके माध्यम से केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं और सेवा कार्यों की जानकारी आमजन तक पहुंचाई जाएगी तथा समाज के अंतिम व्यक्ति तक सेवा एवं जनसरोकार की भावना को मजबूत किया जाएगा।





















































