कोरबा@M4S:एसईसीएल की खदानों में नारी शक्ति की भागीदारी और बढ़ने जा रही है। अब तक कार्यालयों और वर्कशॉप में जिम्मेदारी निर्वहन करने वाली महिला कर्मचारी खदानों में भारी मशीनों का संचालन करेगी। इसकी तैयारी कर ली गई है। प्रोजेक्ट धारा शक्ति के तहत 12 दिवसीय विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम के बाद डंपर, शॉवेल सहित अन्य हेवी अर्थ मूविंग मशीन (एचईएमएम) के संचालन की जिम्मेदारी महिलाएं संभालेंगी।
महिला सशक्तिकरण व कार्यस्थल पर महिलाओं की भागीदारी को बढ़ावा देने की दिशा में साउथ ईस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (एसईसीएल) ने प्रोजेक्ट धारा शक्ति के तहत एक महत्वपूर्ण पहल की है। पहल के अंतर्गत एसईसीएल के गेवरा क्षेत्र में पहली बार महिला कर्मचारियों के लिए हेवी अर्थ मूविंग मशीन (एचईएमएम) ऑपरेटर प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है। प्रशिक्षण सफलतापूर्वक पूर्ण होने के बाद प्रतिभागियों को डंपर, शॉवेल सहित अन्य हेवी अर्थ मूविंग मशीनों के संचालन की जिम्मेदारी सौंपी जाएगी। 6 से 18 जुलाई तक चलने वाले 12 दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम में प्रतिभागियों को अत्याधुनिक सिम्युलेटर की सहायता से डंपर, शॉवेल व अन्य हेवी अर्थ मूविंग मशीनों के सुरक्षित और कुशल संचालन का तकनीकी तथा व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया जा रहा है। एसईसीएल के इतिहास में यह अपनी तरह की पहली पहल है, जिसका उद्देश्य महिला कर्मचारियों को तकनीकी रूप से दक्ष बनाकर उन्हें खदानों में संचालन संबंधी महत्वपूर्ण जिम्मेदारियों के लिए तैयार करना है। महिला प्रतिभागियों के चयन व उन्हें इस नई भूमिका के लिए प्रेरित करने में महाप्रबंधक (मानव संसाधन), बिलासपुर सुजाता रानी की महत्वपूर्ण भूमिका रही है। उन्होंने अपनी टीम के साथ प्रशिक्षण स्थल पहुंचकर प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन किया तथा उन्हें पूरे आत्मविश्वास, अनुशासन और समर्पण के साथ प्रशिक्षण प्राप्त करने के लिए प्रेरित किया। प्रशिक्षण कार्यक्रम के शुभारंभ अवसर पर गेवरा क्षेत्र के महाप्रबंधक संजय कुमार मिश्रा, स्टाफ ऑफिसर सुधा बी. शिंदे सहित क्षेत्र के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे। एसईसीएल सीएमडी हरीश दुहन के मार्गदर्शन में संचालित कार्यक्रम के लिए एसईसीएल के विभिन्न क्षेत्रों से कैटेगरी-1 श्रेणी की 10वीं अथवा उससे अधिक शिक्षित महिला कर्मचारियों का चयन किया गया है। 6 जुलाई को गेवरा क्षेत्र में प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारंभ हुआ, जहां प्रतिभागियों का पारंपरिक रूप से साफा पहनाकर व पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया गया।
गेवरा खदान में भारी मशीनों का संचालन करेंगी महिला कर्मी प्रोजेक्ट धारा शक्ति के तहत दिया जा रहा प्रशिक्षण
- Advertisement -







