नई दिल्ली(एजेंसी):लंदन से बेंगलुरु जाने वाली एयर इंडिया की उड़ान को तकनीकी खराबी के कारण ग्राउंडेड कर दिया गया है। मिली जानकारी के अनुसार, एयर इंडिया के बोइंग 787 ड्रीमलाइनर विमान को तकनीकी खराबी के कारण ग्राउंडेड कर दिया गया है।
लंदन से बेंगलुरु जाने वाली उड़ान AI 132 में फ्यूल कंट्रोल स्विच ‘रन’ से ‘कटऑफ’ स्थिति में जा रहा था, जिससे ईंधन प्रवाह रुकने का खतरा था। एयरलाइन ने जांच शुरू कर दी है और DGCA और विमान निर्माताओं को सूचित किया है।
सोमवार को एयर इंडिया के एक पायलट ने बोइंग 787-8 ड्रीमलाइनर के फ्यूल कंट्रोल स्विच में संभावित खराबी की जानकारी दी थी। इस मामले की सूचना एविएशन वॉचडॉग DGCA को दी गई है। सूत्रों के अनुसार, इस विमान ने लंदन से बेंगलुरु के लिए AI132 उड़ान भरी थी और यह सोमवार सुबह बेंगलुरु उतरा।
क्या हुआ?
उड़ान AI 132 हैथ्रो (लंदन) से बेंगलुरु के लिए उड़ान भरने वाली थी, तभी इंजिन स्टार्ट-अप के दौरान फ्यूल कंट्रोल स्विच रन से कटऑफ की ओर चला गया।
एयरलाइन का बयान
एयर इंडिया के प्रवक्ता ने कहा कि ‘हम जानते हैं कि हमारे एक पायलट ने बोइंग 787-8 विमान के फ्यूल कंट्रोल स्विच में संभव दोष की सूचना दी है। इस जानकारी के मिलने के बाद हमने उस विमान को ग्राउंड कर दिया है और प्राथमिकता के आधार पर जांच शुरू कर दी है।’
जांच में क्या है?
एयरलाइन ने यह भी बताया है कि मामला DGCA (सिविल एविएशन नियामक) को सूचित कर दिया गया है और विमान निर्माताओं (OEM) को भी जांच के लिए शामिल किया गया है।





































