14 हजार से अधिक ऑटो एवं ई-रिक्शा में लगाए जा चुके हैं QR Code
भूला हुआ सामान वापस मिलने में मिल रही त्वरित सहायता,शिकायतों में आई उल्लेखनीय कमी
ऑटो ई रिक्शा में सफ़र से पहले Code स्कैन कर यात्रा करने की अपील
रायपुर@M4S:रायपुर पुलिस कमिश्नर डॉ.संजीव शुक्ला के मार्गदर्शन में आमजन को सुरक्षित,पारदर्शी एवं भरोसेमंद सार्वजनिक परिवहन उपलब्ध कराने के उद्देश्य से प्रारंभ किए गए ऑटो एवं ई-रिक्शा पंजीयन एवं QR Code से आम नागरिकों को राहत मिल रही है अभियान के सकारात्मक परिणाम सामने आ रहे हैं तथा यात्रियों को प्रत्यक्ष रूप से इसका लाभ मिल रहा है।
ऑटो एवं ई-रिक्शा में लगाए गए QR Code को स्कैन करते ही वाहन एवं चालक की आवश्यक जानकारी यात्रियों को उपलब्ध हो जाती है। इससे यात्रा अधिक सुरक्षित, विश्वसनीय एवं पारदर्शी बन रही है तथा यात्रियों में सुरक्षा की भावना मजबूत हुई है।
अभियान के प्रति आमजन की बढ़ती जागरूकता का अनुमान इसी बात से लगाया जा सकता है कि पिछले लगभग एक माह में नागरिकों द्वारा लगभग 50,000 बार QR Code स्कैन किया जा चुका है, जो इस व्यवस्था पर बढ़ते विश्वास को दर्शाता है।
अब तक 14,000 से अधिक ऑटो एवं ई-रिक्शा का पंजीयन कर उनमें QR Code लगाए जा चुके हैं। अभियान का विस्तार निरंतर जारी है ताकि अधिक से अधिक वाहन इस सुरक्षित एवं डिजिटल व्यवस्था से जुड़ सकें।
भूला हुआ सामान वापस मिलने में मिल रही त्वरित सहायता-
यात्रा के दौरान यदि कोई यात्री अपना सामान वाहन में भूल जाता है तो QR Code स्कैन कर वाहन की जानकारी प्राप्त होने से चालक से तुरंत संपर्क स्थापित किया जा रहा है। इससे यात्रियों को उनका सामान शीघ्र वापस मिल रहा है तथा उन्हें बड़ी राहत मिल रही है।

QR Code व्यवस्था लागू होने के बाद ITMS कंट्रोल रूम एवं यातायात थानों में वाहन में सामान छूटने संबंधी शिकायतों में उल्लेखनीय कमी दर्ज की गई है। इससे पुलिस की कार्यवाही अधिक प्रभावी एवं समयबद्ध हुई है।
यातायात पुलिस, पुलिस कमिश्नरेट रायपुर नागरिकों से अपील करती है कि ऑटो अथवा ई-रिक्शा में यात्रा करते समय अनिवार्य रूप से QR Code स्कैन करें। यह न केवल उनकी सुरक्षा सुनिश्चित करेगा, बल्कि किसी भी आकस्मिक स्थिति, सामान छूटने अथवा शिकायत की दशा में त्वरित सहायता प्राप्त करने का सरल एवं प्रभावी माध्यम भी सिद्ध होगा।
यातायात पुलिस, पुलिस कमिश्नरेट रायपुर नागरिकों की सुविधा, सुरक्षा एवं स्मार्ट यातायात व्यवस्था के लिए निरंतर नवाचार एवं जनहितकारी पहल करते हुए सुरक्षित एवं सुगम यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध है।








