पहली बार प्रदेशभर में एक साथ होगी तिमाही-अर्धवार्षिक परीक्षा लोक शिक्षण संचालनालय ने जारी किया आदेश,इधर स्कूलों में देर से पहुंची पुस्तक

- Advertisement -

कोरबा@M4S:शिक्षा सत्र 2026-27 इस साल 31 मार्च 2027 तक चलेगा। यानी छात्रों की परीक्षा व परिणाम मार्च अंत से पहले घोषित कर दिए जाएंगे। इस कारण छात्रों की परीक्षा जल्द पूरी हो, परिणाम जारी किए जाएं। इसके लिए लोक शिक्षण संचालनालय ने परीक्षा का शेड्यूल जारी कर दिया है। परीक्षा एक साथ प्रदेशभर के सभी स्कूलों में होगी। ऐसा पहली बार हो रहा है।
पहले जिला स्तर पर तिमाही व अर्धवार्षिक परीक्षा आयोजित की जाती थी। इसमें बदलाव करते हुए एक समान परीक्षा ली जा रही है। छात्रों की तिमाही परीक्षा सितंबर में होगी। अर्धवार्षिक परीक्षा दिसंबर में होगी। इधर स्कूलों में देर से पुस्तकें पहुंची हैं। अब शिक्षकों को डेढ़ महीने में बच्चों को तिमाही परीक्षा के लिए तैयार करना पड़ेगा। तिमाही परीक्षा 21 सितंबर से शुरू होकर 30 सितंबर तक चलेगी, जबकि अर्धवार्षिक परीक्षा 1 दिसंबर से शुरू होकर 12 दिसंबर तक चलेगी। इसमें पहली से 12वीं तक के छात्रों की परीक्षा होगी। प्राथमिक की परीक्षा सुबह 10 से दोपहर 12.30 बजे तक होगी। माध्यमिक कक्षाओं की परीक्षा सुबह 10 बजे से दोपहर 1 बजे तक होगी। हाई व हायर सेकेंडरी स्कूल की परीक्षा दोपहर 1 बजे से शाम 4 बजे तक होगी। परीक्षा संचालन के लिए जिला परीक्षा समिति गठित की जाएगी। इसमें अध्यक्ष जिला शिक्षा अधिकारी होंगे। सदस्य सचिव सहायक संचालक होंगे। वरिष्ठ प्राचार्य, बीईओ, समन्वयक, प्रधानपाठक होंगे।

समितियों को दिए गए दायित्व
गठित समिति विषय-विशेषज्ञ शिक्षकों का पैनल बनाकर पाठ्यक्रम के अनुसार प्रश्न पत्रों का सेट तैयार करेगी। प्रश्न पत्रों की छपाई व बंडलिंग पूरी तरह गोपनीय रूप से की जाए। परीक्षा शुरू होने के 2 दिन पहले इन्हें संकुल स्तर पर बांटा जाएगा।

21 सितंबर को आयोजित की जाएगी हिन्दी की परीक्षा
पहली से 8वीं तक के छात्रों का पहला पर्चा हिन्दी का 21 सितंबर को होगा। 9वीं-11वीं का हिन्दी का होगा। 10वीं का गणित का होगा। 12वीं का अंग्रेजी का होगा। इसी विषय की परीक्षा दिसंबर महीने में अर्धवार्षिक होगी। नियम-निर्देश में यह स्पष्ट नहीं किया गया है कि तिमाही में कितने प्रतिशत कोर्स से प्रश्न पूछे जाएंगे। शिक्षक बीते साल की तरह 25 फीसदी को तिमाही का मानकर चल रहे हैं। इसी अनुसार तैयारी करा रहे हैं।

Related Articles