स्कूलों और शिक्षा दफ्तरों में खाली पड़े पदों को भरने आदेश जारी अटके हुए प्रमोशन को जल्द से जल्द पूरा करने की कवायद तेज

- Advertisement -

कोरबा@M4S:सरकारी स्कूलों के शिक्षकों और लिपिक स्टाफ के लिए एक अच्छी खबर है। राज्य के स्कूल शिक्षा विभाग ने स्कूलों और शिक्षा दफ्तरों में खाली पड़े पदों को भरने और अटके हुए प्रमोशन को जल्द से जल्द पूरा करने की कवायद तेज कर दी है।
लोक शिक्षण संचालनालय नवा रायपुर ने शुक्रवार को प्रदेश के सभी संभागीय संयुक्त संचालकों और जिला शिक्षा अधिकारियों को एक आदेश जारी किया है। आदेश में साफ तौर पर कहा गया है कि वे एक सप्ताह के भीतर शिक्षकों (जिसमें शिक्षक, प्राथमिक स्कूल के प्रधान पाठक और माध्यमिक स्कूल के प्रधान पाठक शामिल हैं) और क्लर्क वर्ग के स्वीकृत, कार्यरत और खाली पदों की पूरी जानकारी सरकार को भेजें। यह जानकारी 31 मई 2026 की स्थिति के अनुसार मांगी गई है। शासन के इस कदम से उन हजारों शिक्षकों को राहत मिलने की उम्मीद है, जो लंबे समय से अपने प्रमोशन का इंतजार कर रहे हैं। इस आदेश का सबसे बड़ा और अहम हिस्सा यह है कि विभाग ने 30 जून 2026 तक शिक्षकों और क्लकों के प्रमोशन से जुड़े खाली पदों को भरने की प्रक्रिया पूरी करने का सख्त निर्देश दिया है। विभाग ने स्पष्ट किया है कि प्रमोशन का कोई भी मामला पेंडिंग नहीं रहना चाहिए। अधिकारियों को हिदायत दी गई है कि वे जो भी आंकड़े भेजें, वे यू-डाइस के डेटा से मेल खाने चाहिए। इसके लिए पहले यू-डाइस डेटा को अपडेट करने को कहा गया है।

रिटायर होने वालों की भी मांगी गई लिस्ट, खाली पदों की गिनती होगी
शिक्षा विभाग के ई और टी संवर्ग की जानकारी अलग-अलग तैयार करने के निर्देश दिए गए हैं। खाली पदों के अलावा, 1 जून 2026 से लेकर 31 दिसंबर 2026 के बीच रिटायर होने वाले कर्मचारियों का ब्यौरा भी मांगा गया है, ताकि भविष्य में खाली होने वाले पदों का पहले से अनुमान लगाया जा सके। इसके साथ ही, 1 अप्रैल 2025 की स्थिति में कर्मचारियों की पदक्रम सूची और आरक्षण नियमों (जिसमें दिव्यांग आरक्षण भी शामिल है) का सही तरीके से पालन करते हुए खाली पदों की गिनती करने को कहा गया है। इससे खाली पदों में भर्ती होगी।

Related Articles