कोरबा@M4S:कोरबा के सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र के दर्री रोड के मोहल्ला रामसागर पारा में रविवार देर रात आपसी विवाद हत्या की घटना में तब्दील हो गई। हत्या के प्रकरण में पुलिस द्वारा त्वरित कार्रवाई करते हुए सात आरोपियों को अभिरक्षा में लिया गया है। प्रकरण में आरोपियों के विरुद्ध आगामी वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
जानकारी के मुताबिक एक युवक का 8-10 दिन पहले मोहल्ले के ही युवक से किसी बात को लेकर विवाद हो गया था। इस विवाद की रंजिश में युवक अपने कुछ साथियों को लेकर लाठी-डंडा से लैस होकर बदला लेने के लिए रामसागर पारा में पहुंचा था। यहां उसने अपने साथियों के साथ मिलकर एक युवक पर लाठी-डंडे से बुरी तरह हमला किया। इस हमले में युवक की मौके पर ही मौत हो गई। मृतक की पहचान रवि यादव के रूप में हुई है जिसके पिता लेथ मशीन का काम करते हैं। घटना को अंजाम देने के बाद यह सभी युवक लाठी लहराते हुए दर्री रोड से पावर हाउस रोड में जाते नजर आए। घटना को लेकर क्षेत्रवासियों में शोक मिश्रित आक्रोश व्याप्त हो गया है। मृतक के परिजन और बस्तीवासी बड़ी संख्या में थाना कोतवाली पहुंचे और अपना आक्रोश प्रकट किया। इस दौरान सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी भी कोतवाली और घटना स्थल पहुंचे। इलाके में पुलिस बल तैनात कर दिया गया और फरार आरोपियों की धर पकड़ के लिए कोशिश की गई। पुलिस ने मामले 7 लोगों को हिरासत में लिया है। इस बीच यह भी जानकारी मिल रही है कि जिस युवक की हत्या हुई है उसका विवाद से संभवत: कोई लेना-देना नहीं था। मारने किसी और को गए थे, निशाने पर कोई और आ गया। रामसागरपारा इलाके में आक्रोश और तनाव का माहौल बना हुआ है। घटना के बाद आक्रोशित परिजनों व लोगों ने आरोपियों के घर पहुंच कर अपना गुस्सा उतारना चाहा, लेकिन युवक की हत्या की सूचना मिलते ही अलर्ट हुई। पुलिस ने आसपास के इलाकों में बिखर कर आरोपी के घर पर होने वाले हमले को समय रहते टाल दिया।
घटना का वीडियो आया सामने
रामसागरपारा तालाब के पास मुख्य मार्ग में हुई हिंसक घटना का वीडियो सामने आया है। कुछ सेकेंड के इस वीडियो में देखा जा सकता है कि किस तरह से बीच- बचाव करने पहुंचे युवक के सिर पर डंडे से वार किया गया। रामसागरपारा निवासी युवकों का नाम पूरे घटनाक्रम में सामने आ रहा है। जो वीडियो मोहल्ले में वायरल है उसमें एक युवक हाथ में ईंट लिए हुए नजर आ रहा है और दूसरा हाथ में डंडा लिए हुए चल रहा है। युवक के साथ जमकर से मारपीट की गई जिससे वह सड़क पर ही गिर पड़ा। आसपास के लोग इस घटनाक्रम के दौरान एकत्र हो चुके थे। बीच-बचाव का दौर चल रहा था कि इस दौरान ही सफेद शर्ट में नजर आ रहा युवक रवि यादव भी वहां पहुंचा था। वह ईंट रखे युवक को समझाने की कोशिश के साथ ही उसे रोकने का प्रयास भी कर रहा था। ईंट पकड़ा युवक भी अपने साथी को डंडा मारने से रोक रहा है, लेकिन एकाएक हमला किया गया। रवि यादव के सिर पर जोरदार वार कर दिया गया, वह सड़क पर गिर पड़ा। आनन-फानन में उसे अस्पताल ले जाया गया जहां चिकित्सक ने मृत घोषित कर दिया। संभवत: सिर में सांघातिक चोट लगने के कारण उसकी मौत हुई है।






