अवैध कारोबार पर खनिज विभाग ने कसा शिकंजा  1 जेसीबी सहित 9 वाहन जप्त

- Advertisement -

कोरबा@M4S:खनिज विभाग ने अवैध खनन पर शिकंजा कसा है। गुरसियां सहित अलग अलग इलाकों में किए जा रहे अवैध कारोबार पर कार्रवाई करते हुए विभाग की टीम ने 1 जेसीबी सहित 9 वाहनों को जब्त किया है।
खनिज विभाग द्वारा जिले में अवैध उत्खनन, परिवहन व भण्डारण के विरुद्ध विशेष अभियान चलाया जा रहा है। अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई की गई। अभियान के दौरान खनिज उड़नदस्ता दल ने विभिन्न संदिग्ध क्षेत्रों में छापेमारी कर अवैध गतिविधियों में संलिप्त 1 जेसीबी, 1 ट्रेलर, 2 टीपर व 5 ट्रैक्टर सहित कुल 9 वाहनों को जप्त किया। खनिज विभाग की टीम ने सीतामढ़ी, बरमपुर, कपाटमुड़ा, सुराकछार, बांकीमोगरा, तिलसरा, गुरसियां सहित अन्य क्षेत्रों में सघन जांच अभियान चलाया। जांच के दौरान बांकीमोगरा, कोसावाड़ी, बरमपुर, घरीपखना व गुरसियां क्षेत्र में गिट्टी, मिट्टी और रेत के अवैध उत्खनन और परिवहन में लगे वाहनों को पकड़कर जप्त किया गया। जप्त वाहनों को बांकीमोगरा थाना, रामपुर थाना, बांगो थाना तथा खनिज जांच चौकी रामपुर-कटघोरा में अभिरक्षा में रखा गया है। गुरसियां क्षेत्र में तान नदी से रेत की चोरी की शिकायत की गई थी। जिस पर माइनिंग विभाग के इंस्पेक्टर व स्टाफ ने कार्रवाई की। ट्रैक्टर को जब्त कर बांगों थाना के हवाले किया गया है।
 लाख से अधिक की हो चुकी है वसूली
खनिज विभाग के अनुसार जिले में अवैध खनन के विरुद्ध लगातार सख्त कार्रवाई जारी है। अप्रैल से 15 जून तक अवैध उत्खनन के 12 प्रकरणों में 6 लाख 74 हजार 100 रूपए, अवैध परिवहन के 89 प्रकरणों में 7 लाख 37 हजार 931 रूपए तथा अवैध भण्डारण के 10 प्रकरणों में 7 लाख 14 हजार 810 रूपए की वसूली की गई है। इस अवधि में कुल 18 लाख 70 हजार 473 रूपए राजस्व की वसूली की जा चुकी है।

Related Articles