मोबाइल का नेटवर्क गया, महिला ने जहर खाकर दी जान सीरियल नहीं देख पाने से नाराज होकर मोबाइल पटका, कुछ देर बाद बिगड़ी तबीयत

- Advertisement -
कोरबा@M4S:मोबाइल फोन की बढ़ती लत और उससे जुड़ी बेचैनी का एक हैरान करने वाला मामला करतला थाना क्षेत्र के केराकछार गांव से सामने आया है। मोबाइल पर सीरियल देखते समय अचानक नेटवर्क चले जाने से नाराज 52 वर्षीय महिला ने पहले मोबाइल पटककर तोड़ दिया और कुछ देर बाद कीटनाशक का सेवन कर लिया। इलाज के दौरान मेडिकल कॉलेज अस्पताल में उसकी मौत हो गई।
केराकछार निवासी 52 वर्षीय मंगलो बाई  शनिवार दोपहर मोबाइल पर सीरियल देखते हुए खाना खा रही थी। इसी दौरान नेटवर्क गायब हो गया। काफी देर इंतजार के बाद भी नेटवर्क नहीं आया तो महिला ने गुस्से में मोबाइल जमीन पर पटक दिया और कमरे में चली गई। कुछ देर बाद बाहर आकर खाट पर बैठी महिला को उल्टियां होने लगीं। जहरीले पदार्थ की दुर्गंध आने पर परिजनों को संदेह हुआ। पति प्रेमलाल सारथी और बच्चों ने कमरे की तलाशी ली तो कीटनाशक का खाली डिब्बा मिला। परिजन महिला को तत्काल करतला सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले गए, जहां से शाम करीब पांच बजे मेडिकल कॉलेज अस्पताल रेफर किया गया। उपचार के दौरान करीब एक घंटे बाद उसकी मौत हो गई।जहर सेवन के मामलों में परिजन अक्सर घबराकर घरेलू नुस्खे आजमाने लगते हैं। इस मामले में भी अस्पताल पहुंचाने से पहले महिला को गोबर और नमक का पानी पिलाया गया। विशेषज्ञों के अनुसार ऐसे प्रयोग नुकसानदायक हो सकते हैं। जहर खाने की स्थिति में उल्टी कराने या कोई घरेलू पदार्थ पिलाने के बजाय बिना देरी किए मरीज को अस्पताल ले जाना चाहिए। पुलिस ने वैधानिक कार्रवाई के बाद शव परिजनों को सौंप दिया है।

आठ माह में 57 लोगों की मौत
यह घटना ऐसे समय सामने आई है, जब मेडिकल कॉलेज अस्पताल के आंकड़े आत्महत्या की गंभीर स्थिति की ओर इशारा कर रहे हैं। बीते आठ माह में 57 लोगों की आत्महत्या से मौत हो चुकी है। अस्पताल में आत्महत्या के प्रयास के मामले भी लगातार पहुंच रहे हैं। इनमें बच्चे, युवा और बुजुर्ग सभी शामिल हैं।

Related Articles