कोलकाता(एजेंसी):बंगाल विधानसभा (विस) चुनाव के दूसरे व अंतिम चरण के तहत आज सात जिलों की 142 सीटों के लिए वोटिंग शुरू हो चुकी है। सुरक्षा के अभूतपूर्व इंतजाम किए गए हैं। अब दक्षिण बंगाल के सात जिलों कोलकाता, हावड़ा, उत्तर 24 परगना, दक्षिण 24 परगना, हुगली, नदिया व पूर्व बद्र्धमान में वोट पड़ेंगे। इन जिलों में शांतिपूर्ण मतदान कराना चुनाव आयोग के लिए सबसे बड़ी चुनौती होगी, हालांकि उसने भी कमर कस रखी है और सुरक्षा के अभूतपूर्व इंतजाम किए हैं।
भाजपा उम्मीदवार का आरोप, TMC कार्यकर्ताओं ने कार पर किया हमला
West Bengal Chunav Voting LIVE: बसंती विधानसभा सीट से भाजपा उम्मीदवार बिकाश सरदार ने आरोप लगाया है कि उनके क्षेत्र में टीएमसी कार्यकर्ताओं द्वारा गुंडागर्दी की जा रही है। उन्होंने कहा कि करीब 200-250 लोगों की भीड़ ने उनकी कार पर लोहे की रॉड और बांस से हमला किया। इस दौरान उनके ड्राइवर को भी निशाना बनाया गया। उन्होंने दावा किया कि पूरे क्षेत्र में इसी तरह का माहौल बनाया जा रहा है।
सुवेंदु अधिकारी का हमला, ममता पर मतदाताओं को धमकाने का आरोप
West Bengal Chunav Voting LIVE: भाजपा उम्मीदवार और नेता सुवेंदु अधिकारी ने मुख्यमंत्री ममता बनर्जी पर निशाना साधते हुए कहा कि वह डरी हुई हैं, क्योंकि उनकी पुलिस की जगह अब केंद्रीय बल तैनात हैं। उन्होंने कहा कि अगर ममता बनर्जी को कोई समस्या है तो उन्हें चुनाव आयोग के पास जाना चाहिए। सुवेंदु अधिकारी ने दावा किया कि इस बार भवानिपुर सीट पर ममता बनर्जी कम से कम 30 हजार वोटों से हारेंगी और लोगों को बिना डर के मतदान करने दिया जाना चाहिए। वहीं, उत्तर 24 परगना के कुछ मतदाताओं ने भी ममता बनर्जी पर धमकाने का आरोप लगाया। एक मतदाता ने कहा कि वह हार के डर से अपने साथ गुंडे लाई थीं और उनकी गाड़ी से उतरे एक व्यक्ति ने लोगों को धमकाया।
मतदान पर प्रशासन की नजर, बुजुर्गों की मदद में जुटे सुरक्षाकर्मी
West Bengal Chunav Voting LIVE: पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव 2026 के दूसरे और अंतिम चरण के तहत आज मतदान जारी है। दक्षिण 24 परगना के डायमंड हार्बर में चुनाव पर्यवेक्षक अजय पाल शर्मा स्थिति का जायजा लेते नजर आए। वहीं, तेहट्टा में पुलिस और केंद्रीय अर्धसैनिक बल के जवान बुजुर्ग मतदाताओं को मतदान केंद्र तक पहुंचाने में मदद करते दिखे। सुबह 9 बजे तक इस चरण में करीब 18.39 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया।
अभिषेक बनर्जी का भाजपा-EC पर आरोप
डायमंड हार्बर के सांसद अभिषेक बनर्जी ने मित्रा इंस्टीट्यूशन में अपना वोट डाला। मतदान केंद्र से बाहर निकलते ही उन्होंने भाजपा और चुनाव आयोग पर हमला बोला। उन्होंने कहा कि डराने-धमकाने से कोई फायदा नहीं होगा। भाजपा पहले चरण में पस्त हो चुकी है और दूसरे चरण में उनका सूपड़ा साफ हो जाएगा। अभिषेक बनर्जी ने केंद्रीय बलों और पुलिस पर्यवेक्षकों पर अपनी शक्तियों का दुरुपयोग करने और अधिकार क्षेत्र से बाहर जाकर काम करने का भी आरोप लगाया।
भवानीपुर में सुबह 7 बजे से ही बूथों पर उतरीं ममता, 15 साल के कार्यकाल में पहली बार दिख रहा बदला अंदाज
बंगाल विधानसभा चुनाव के दूसरे चरण के मतदान के दौरान आज कोलकाता की सबसे हाई-प्रोफाइल सीट, भवानीपुर में एक ऐतिहासिक दृश्य देखने को मिला। मुख्यमंत्री ममता बनर्जी, जो अमूमन मतदान के दिन सुबह अपने आवास पर रहकर ही पूरी प्रक्रिया पर नजर रखती थीं, आज सुबह 7.00 बजे ही सड़क पर उतर पड़ीं। राज्य की राजनीति में यह पहली बार देखा जा रहा है कि ममता बनर्जी सुबह-सुबह खुद बूथों का जायजा लेने के लिए क्षेत्रों का दौरा कर रही हैं।
ममता बनर्जी का यह रूप राजनीतिक जानकारों के लिए भी चौंकाने वाला है। पिछले 15 वर्षों के उनके मुख्यमंत्री काल और उससे पहले लंबे समय तक विपक्ष में रहने के दौरान भी उन्हें मतदान के दिन सुबह-सुबह इस तरह सक्रिय नहीं देखा गया था। अमूमन वह दोपहर में भवानीपुर के ‘मित्र इंस्टीट्यूशन’ में अपना वोट डालने निकलती थीं। लेकिन आज सड़क पर निकलते समय उन्होंने कहा कि वह एक मुख्यमंत्री के बजाय भवानीपुर की तृणमूल प्रत्याशी के रूप में निकली हैं और लगातार एक बूथ से दूसरे बूथ का दौरा कर रही हैं।





































