कोरबा@M4S:लेमरू क्षेत्र के करीब 20 गांव पिछले एक हफ्ते से अंधेरे में डूबे हुए हैं। हाल ही में आई तेज आंधी और खराब मौसम ने खराब बिजली व्यवस्था की हकीकत सबके सामने लाकर रख दी है। मौसम के कारण कई जगहों पर बड़े पेड़ उखड़ गए, बिजली के खंभे टूट गए और 33 केवी की लाइन के तारों को भी नुकसान पहुंचा। जिसके चलते कोरबा से आने वाली मेन लाइन सप्लाई ठप हो गई। एक हफ्ते बाद भी बिजली आपूर्ति बहाल नहीं हुई है। जो बिजली विभाग का उदासीन रवैया दिखाता है।
बिजली नहीं होने से ग्रामीणों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है, क्योंकि जिला मुख्यालय से करीब 60 किलोमीटर दूर लेमरू का कुटुरवा क्षेत्र की प्राकृतिक सुंदरता पर्यटकों को आकर्षित करती है। लेकिन पिछले सात दिनों से बिजली आपूर्ति बंद होने के कारण लोगों का जनजीवन प्रभावित हो गया है। स्थानीय ग्रामीण सुनीता बाई ने बताया कि लगातार बिजली नहीं रहने से रात के समय काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। बच्चों की पढ़ाई से लेकर घरेलू कामकाज तक प्रभावित हो रहे हैं। तेज आंधी के दौरान सड़क किनारे लगे कई बड़े पेड़ जड़ से उखड़ गए, जिससे बिजली के खंभे धराशायी हो गए। कई स्थानों पर 33 केवी लाइन के तार टूटने से कोरबा से आने वाली मेन लाइन सप्लाई बाधित हो गई। इसके कारण नकिया, डोकरमना, लामपहाड़, चरईझुंझ, कापूडांड, सीलीभूड़, चिंगरखुदरी समेत करीब 20 गांवों में बिजली आपूर्ति पूरी तरह ठप है। शाम होते ही पूरा इलाका अंधेरे में डूब जाता है। बिजली नहीं होने के कारण जंगली जानवरों का खतरा भी बढ़ गया है। वहीं छोटे कारोबार और दुकानों पर भी इसका असर पड़ा है। स्थानीय व्यवसायी संपत राम ने बताया कि बिजली नहीं होने से उनका काम प्रभावित हो रहा है और आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है। ग्रामीण चम्पा बाई ने भी जल्द बिजली बहाल करने की मांग की है।
मरम्मत कार्य जारी, लेकिन बहाली का इंतजार
स्थानीय प्रशासन और बिजली विभाग की टीमें क्षतिग्रस्त लाइन और खंभों की मरम्मत में जुटी हुई हैं। हालांकि, एक सप्ताह बीत जाने के बाद भी सभी गांवों में बिजली आपूर्ति बहाल नहीं हो सकी है। ग्रामीणों का कहना है कि यह पहली बार नहीं है, जब खराब मौसम के बाद इस तरह की स्थिति बनी हो। हल्की बारिश या तेज हवा चलने पर अक्सर बिजली काट दी जाती है, जिससे लोगों को बार-बार परेशानियों का सामना करना पड़ता है। अब ग्रामीणों को उम्मीद है कि जल्द ही बिजली व्यवस्था सामान्य होगी और उन्हें अंधेरे और परेशानियों से राहत मिलेगी।






