नई दिल्ली@(एजेंसी):आईपीएल 2026 का फाइनल मैच आरसीबी और जीटी के बीच आज खेला जाना है। यह मुकाबला अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में रात 7:30 बजे से खेला जाएगा। दोनों ही टीमें जबरदस्त फॉर्म में है। जहां आरसीबी की टीम क्वालिफायर-1 में गुजरात टाइटंस को हराकर फाइनल में पहुंची है, जबकि क्वालिफायर-2 मैच में गुजरात टाइटंस की टीम ने राजस्थान रॉयल्स को हराकर फाइनल का टिकट हासिल किया है।
अब फाइनल मैच में किंग वर्सिस प्रिंस की टक्कर में कौन जीतेगा, इसका इंतजार पूरी दुनिया को है। ऐसे में जानते हैं आईपीएल फाइनल इतिहास के तीन सबसे रोमांचक मैच की कहानी।
IPL इतिहास के सबसे रोमांचक फाइनल
MI vs CSK IPL Final 2019

आईपीएल फाइनल इतिहास का सबसे रोमांचक मैच साल 2019 सीजन का है, जहां सीएसके का सामना मुंबई से हुआ था। इस मैच में एमआई ने सीएसके को आखिरी ओवर में मात्र 1 रन से मात दी और इस जीत के साथ मुंबई ने अपना चौथा आईपीएल खिताब जीता था, लेकिन एमआई की जीत के हीरो लसिथ मलिंगा बने, जिन्होंने एमआई की ओर से आखिरी ओवर डाला था।
सीएसके को जीत के लिए 1 गेंद पर 2 रन चाहिए थे और मलिंगा ने शानदार यॉर्कर गेंद डालकर शार्दुल ठाकुर को एलबीडब्ल्यू आउट किया और इस तरह रोहित की एमआई टीम ने मैच जीता था। इससे पहले बल्लेबाजी करते हुए मुंबई इंडियंस ने 149/8 का एक छोटा सा स्कोर बनाया।
CSK vs GT IPL Final 2023
IPL 2023 Final CSK vs GT

आईपीएल इतिहास का दूसरा सबसे रोमांचक फाइनल (IPL Final) साल 2023 में जीटी बनाम सीएसके के बीच देखने को मिला था, जब बारिश की वजह से दो दिन ये मैच खेला गया। रिजर्व डे वाले दिन भी बारिश ने खलल डाला और सीएसके को डकवर्थ लुईस नियम से लक्ष्य दिया गया। टीम को 15 ओवर में 171 रन बनाने थे, जो कि सीएसके ने 5 विकेट गंवाकर हासिल कर लिए, लेकिन आखिरी ओवर में काफी ड्रामा देखने को मिला था।
सीएसके को आखिरी ओवर में 13 रन की जरूरत थी। जीटी ने मोहित शर्मा को ये ओवर सौंपा। सीएसके के लिए शिवम दुबे स्ट्राइक पर थे। मोहित के ओवर की पहली गेंद डॉट रही। दूसरी गेंद पर शिवम ने सिंगल लिया और स्ट्राइक जडेजा को दी। तीसरी गेंद पर जडेजा ने सिंगल लिया और चौथी गेंद पर शिवम ने एक रन लिया। अब आखिरी दो गेंदों पर सीएसके को 10 रन की दरकार थी। जडेजा ने पांचवीं गेंद पर छक्का लगाया और आखिरी गेंद पर चौका लगाकर टीम को खिताब दिलाया।
सीएसके की जीत के बाद धोनी ने खुशी से जडेजा को गोद में उठा लिया था। वो पल देखने लायक था। इससे पहले गुजरात टाइटंस ने पहले बैटिंग करते हुए 214 रन बनाए थे।
3. RR vs CSK IPL Final 2008
IPL 2008 RR vs CSK

आईपीएल का सबसे पहला सीजन साल 2008 का फाइनल मैच भी रोमांच से भरपूर रहा, जहां राजस्थान को आखिरी गेंद पर सीएसके के खिलाफ जीत मिली थी। सीएसके ने पहले बैटिंग करते हुए 5 विकेट के नुकसान पर 163 रन बनाए थे। सीएसके की तरफ से सबसे ज्यादा रन सुरेश रैना (43) ने बनाए थे। जवाब में आरआर की टीम की शुरुआत अच्छी नहीं रही थी। एक समय टीम ने 42 रन के स्कोर पर अपने 3 विकेट गंवा दिए थे। इसके बाद शेन वॉटसन और यूसुफ पठान ने टीम की पारी को संभाला।
आखिरी ओवर में राजस्थान को 6 गेंद में 8 रन की दरकार थी। चेन्नई के गेंदबाजों के पास डिफेंड करने का अच्छा मौका था, लेकिन सोहेल तनवीर और शेन वॉर्न की सूझ-बूझ ने ये रन बना लिए। आखिरी गेंद पर तनवीर ने तेजी से भागकर एक रन लिया और अपनी टीम को मैच और खिताब दोनों जिता दिए।






