हरदीबाजार में आतंक: भाजपा महिला मोर्चा की जिला महामंत्री के घर पर हमला व टैंकर रोककर पंचायत की जल आपूर्ति ठप करने के खिलाफ भारी आक्रोश, थाने में शिकायतें दर्ज

- Advertisement -

 

कोरबा@M4S:ग्राम पंचायत हरदीबाजार में पेयजल जैसी आवश्यक व्यवस्था को जबरन ठप करने पंचायत कर्मियों के साथ मारपीट करने और भाजपा महिला मोर्चा की जिला महामंत्री के घर पर हमला कर महिलाओं को डराने-धमकाने का एक बेहद गंभीर और सनसनीखेज मामला सामने आया है इस संबंध में ग्राम पंचायत हरदीबाजार और पीड़ित महिला नेत्री द्वारा थाना प्रभारी हरदीबाजार को लिखित शिकायत सौंपकर आरोपी अनिल राठौर के खिलाफ तत्काल प्राथमिकी (FIR) दर्ज कर कड़ी कानूनी कार्रवाई करने की मांग की गई है ।

भाजपा महिला मोर्चा की जिला महामंत्री के घर पर हमला और ट्रैक्टर फूंकने की धमकी

मामले में सबसे गंभीर मोड़ तब आया जब आरोपी ने राजनैतिक और सामाजिक रूप से सक्रिय महिलाओं को भी निशाना बनाया भाजपा महिला मोर्चा की जिला महामंत्री श्रीमती अनुसूईया राठौर ने थाने में शिकायत दर्ज कराते हुए बताया कि दिनांक 22.05.2026 की रात लगभग 8:00 बजे आरोपी अनिल राठौर दो अन्य गुंडों के साथ उनके घर पर धमक गया उस वक्त घर पर केवल महिला नेत्री और उनकी पुत्री ही मौजूद थीं जबकि पुरुष सदस्य काम से बाहर गए हुए थे आरोपी ने उनके बंद दरवाजे को लात-घूंसों से तोड़ने का प्रयास किया और मां-बहन की अत्यंत भंद्दी-भंद्दी गालियां दीं ।

शिकायत के मुख्य अंश

भाजपा की वरिष्ठ महिला पदाधिकारी के घर को घेरकर आरोपी ने धमकी दी कि बाहर खड़े ट्रैक्टर और अन्य वाहनों को आग के हवाले कर देगा इस घटना से महिला नेत्री और उनका परिवार खौफ के साए में है एक महिला पदाधिकारी और उनके परिवार पर इस तरह का हमला क्षेत्र की कानून व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करता है ।

ग्राम पंचायत की शिकायत प्रमुखता से, शासकीय कार्य में बाधा और पेयजल संकट पैदा करने का प्रयास

इस घटना से ठीक पहले उसी शाम आरोपी ने पूरे गांव की प्यास बुझाने वाली सरकारी व्यवस्था पर भी हमला किया था ग्राम पंचायत हरदीबाजार के सरपंच लोकेश्वर सिंह कंवर, उपसरपंच और सचिव द्वारा दी गई आधिकारिक शिकायत के अनुसार SECL दीपका परियोजना के तहत ग्राम पंचायत हरदीबाजार के आम नागरिकों तक पानी के टैंकरों के माध्यम से पेयजल की सप्लाई की जाती है दिनांक 22.05.2026 को शाम लगभग 6:00 बजे आरोपी अनिल राठौर द्वारा दुर्भावनापूर्वक बीच रास्ते में पानी की सप्लाई में लगे टैंकर को रोक लिया गया आरोपी ने पानी सप्लाई के काम की देखरेख करने वाले मुंशी जय कुमार साहू और टैंकर चालक ओमप्रकाश रोहिदास के साथ गाली-गलौज करते हुए जमकर मारपीट की ।

ग्राम पंचायत का वक्तव्य

इस मारपीट और जबरन रुकावट के कारण ग्राम पंचायत की आवश्यक पानी सप्लाई पूरी तरह बाधित हो गई जिससे भीषण गर्मी में ग्रामीणों को पेयजल संकट का सामना करना पड़ रहा है शासकीय कार्य में बाधा उत्पन्न करने लोक संपत्ति की सेवा को रोकने और कर्मियों से मारपीट करने के खिलाफ अनिल राठौर पर तत्काल कड़ी कानूनी धाराओं के तहत FIR दर्ज की जाए ।

पीड़ित टैंकर चालक की आपबीती, ड्यूटी के दौरान रास्ते में रोककर की पिटाई

टैंकर चालक ओमप्रकाश रोहिदास (ट्रैक्टर क्रमांक:- CG 22 U 8421) ने भी पृथक से थाना हरदीबाजार में लिखित शिकायत दर्ज कराई है ओमप्रकाश ने बताया कि वह SECL गेवरा क्षेत्र से टेंडर का पानी लेकर उमेंदीभांठा जा रहा था रास्ते में हरि साइकिल स्टोर (शिक्षक नगर) के पास आरोपी अनिल राठौर ने जबरन रास्ता रोका और उस क्षेत्र में पानी खाली करने का दबाव बनाया जब चालक ने बताया कि उसका टेंडर उमेंदीभांठा क्षेत्र के लिए है तो आरोपी ने उसके साथ बुरी तरह मारपीट की ।

क्षेत्र में भारी आक्रोश, कड़ी कार्रवाई की मांग

भाजपा महिला मोर्चा की जिला महामंत्री के घर पर हुए हमले और ग्राम पंचायत की पेयजल व्यवस्था को ठप करने की इस दोहरी वारदात के बाद पूरे हरदीबाजार क्षेत्र में भारी आक्रोश व्याप्त है एक तरफ जहां ग्राम पंचायत ने इसे सरकारी काम में बाधा और आवश्यक सेवा को रोकने का गंभीर अपराध माना है वहीं दूसरी तरफ महिला नेत्री पर हुए हमले को लेकर राजनीतिक गलियारों में भी उबाल है ग्राम पंचायत हरदीबाजार भाजपा संगठन और समस्त पीड़ित पक्षों ने पुलिस प्रशासन से कड़ी मांग की है कि क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने और अपराधियों के हौसले पस्त करने के लिए आरोपी अनिल राठौर और उसके सहयोगियों को तत्काल गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे भेजा जाए ।

Related Articles