नई दिल्ली(एजेंसी):सोशल एक्टिविस्ट सोनम वांगचुक ने सफदरजंग अस्पताल में अनशन के 23वें दिन भी अपना भूख हड़ताल जारी रखने का फैसला किया है। उन्होंने हाथ से लिखे नोट में कहा कि शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रहे युवाओं के साथ हो रही बर्बरता देखकर उन्होंने यह फैसला लिया है।
वांगचुक ने लिखा, “युवा नेताओं को संसद भवन में संसद सदस्यों से मिलने की अनुमति दिए जाने या मुझे अस्पताल में उनसे मिलने की इजाजत दिए जाने तक मैं अपना अनशन जारी रखूंगा।” उन्होंने उम्मीद जताई कि उससे पहले सरकार शिक्षा मंत्री की जवाबदेही तय करेगी।
युवा उकसावे के बावजूद शांति बनाए हुए हैं: वांगचुक
कार्यकर्ता की शांति बनाए रखने की सराहना करते हुए उन्होंने कहा, “मैं इस बात से बहुत प्रभावित और भावुक हूं कि युवा उकसावे के बावजूद शांति बनाए हुए हैं।” उन्होंने सरकार और पुलिस बल से अपील की कि मुद्दे का समाधान आज या कल ही कर लिया जाए और छात्रों को संसद के समक्ष अपनी शिकायतें रखने की अनुमति दी जाए।
प्रदर्शनकारी कल भी सहनशीलता बनाए रखेंगे: वांगचुक
सोनम वांगचुक ने आशा व्यक्त की कि युवा प्रदर्शनकारी कल भी आज की तरह धैर्य और सहनशीलता दिखाएंगे। यह नोट सफदरजंग अस्पताल से जारी किया गया है, जहां वे अनशन पर हैं। फिलहाल स्थिति तनावपूर्ण बनी हुई है और युवा प्रदर्शनकारियों पर पुलिस की कार्रवाई को लेकर विवाद जारी है।







