कोरबा@M4S:कटघोरा में सुरक्षा व यातायात व्यवस्था का जायजा लेने पुलिस के अधिकारी व जवान सड़क पर उतरे। पुलिस ने पैदल मार्च करते हुए नगर का भ्रमण किया। इस दौरान भारी वाहन चालकों को बाइपास मार्ग से आवागमन करने की समझाईश दी गई। इसके अलावा अव्यवस्थित ढंग से खड़े वाहनों को व्यवस्थित करने के निर्देश दिए गए। निरीक्षण के लिए निकली पुलिस ने नशे की हालत में वाहन चलाने वालों के खिलाफ कार्रवाई भी की है।
जिले का कटघोरा प्रमुख केंद्र है। कटघोरा से ही नेशनल हाइवे गुजरी है, जिसमें 24 घंटे वाहनों की आवाजाही होती है। विभिन्न दिशाओं के लिए चलने वाली बसों का परिचालन भी कटघोरा के मुख्यमार्ग से होता है। क्षेत्र का प्रमुख शैक्षणिक व व्यवसायिक केंद्र होने के कारण नगर में चहल पहल बनी रहती है। इस दौरान अनहोनी की आशंका भी बनी रहती है। जिसके मद्देनजर सुरक्षा व यातायात व्यवस्था को दुरूस्त करने की जरूरत महसूस की जा रही थी। इसके लिए पुलिस कप्तान सिद्धार्थ तिवारी के निर्देश एएसपी नीतिश ठाकुर व एसडीओपी विजय सिंह राजपृत के मार्गदर्शन तथा थाना प्रभारी एमबी पटेल के नेतृत्व में पुलिस की टीम सड़क पर उतरी। पुलिस का पैदल मार्च थाना से शुरु हुआ। पुलिस के अफसर व जवानों ने नया बस स्टैंड, अंबिकापुर व बिलासपुर मुख्यमार्ग से होते हुए जय स्तंभ चौक तक पैदल मार्च किया। इस दौरान नगर की यातायात व्यवस्था, संदिग्ध गतिविधियों और सुरक्षा इंतजामों का जायजा लिया। अफसरों ने नगर में वाहनों के बढ़ते दबाव को देखते हुए भारी वाहनों के चालकों को बाइपास मार्ग का उपयोग करने समझाईश दी, ताकि नगर में जाम की स्थिति निर्मित न हो और आम नागरिकों को परेशानी का सामना न करना पड़े। पुलिस को पैदल मार्च के दौरान नया बस स्टैंड के समीप वाहन बेतरतीब ढंग से खड़े मिले, जिसे देखते हुए वाहनों को व्यवस्थित खड़े करने के निर्देश दिए गए। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि यातायात नियमों की अनदेखी करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
व्यवस्था को दुरूस्त करने सड़क पर उतरी पुलिस सुरक्षा व यातायात व्यवस्था का लिया जायजा
- Advertisement -







