अधूरे ओवरब्रिज और फोरलेन निर्माण को लेकर सडक़ पर उतरे लोग मार्ग के दोनों ओर लगी वाहनों की लंबी कतार

- Advertisement -

कोरबा@M4S:कुसमुंडा क्षेत्र के इमलीछापर चौक पर लंबे समय से अधूरे पड़े ओवरब्रिज और फोरलेन सडक़ निर्माण के विरोध में मंगलवार को अनिश्चितकालीन चक्काजाम आंदोलन शुरू हो गया। सुबह 11 बजे से शुरू हुए आंदोलन में बड़ी संख्या में कांग्रेसी पदाधिकारी, कार्यकर्ता, स्थानीय व्यापारी और आमजन शामिल हुए। ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के तत्वावधान में शुरू हुए इस चक्काजाम के चलते कोरबा-कुसमुंडा मार्ग पर यातायात बुरी तरह प्रभावित हो गया है। दुपहिया वाहनों को विकास नगर कॉलोनी के रास्ते से निकाला जा रहा है, जबकि चार पहिया और भारी वाहनों के पहिए पूरी तरह थम गए। उल्लेखनीय है कि इमलीछापर चौक पर पिछले तीन वर्षों से ओवरब्रिज और फोरलेन सडक़ निर्माण कार्य अधूरा पड़ा हुआ है। एसईसीएल के सीएसआर फंड से सर्वमंगला चौक से कुचैना मोड़ तक फोरलेन सडक़ बनाई जा रही है, लेकिन इमलीछापर चौक के पास काम लंबे समय से रुका हुआ है। साथ ही रेलवे फाटक से राहत के लिए शुरू किया गया ओवरब्रिज निर्माण भी अधूरा है। निर्माण कार्य ठप होने से इमलीछापर चौक से कुचैना मोड़ तक सडक़ जर्जर हो चुकी है और दिनभर जाम की स्थिति बनी रहती है। ओवरब्रिज नहीं बनने के कारण लोगों को रेलवे फाटक पर लंबा इंतजार करना पड़ता है या वैकल्पिक मार्ग से लंबी दूरी तय करनी पड़ती है। इससे कुसमुंडा सहित गेवरा-दीपका, बांकीमोंगरा, हरदीबाजार और शहर की ओर आने-जाने वाले लोग प्रभावित हो रहे हैं।

Related Articles