कोरबा@M4S: मेडिकल कॉलेज अस्पताल में उस वक्त अफरा तफरी मच गई, जब एक महिला सफाई कर्मी का दो वर्षीय पुत्र गायब मिला। अस्पताल में खोजबीन के बाद भी उसका कोई सुराग हाथ नहीं लगा, जिससे बच्चा चोरी होने जाने की आशंका हुई। महिला कर्मी रोती बिलखती अस्पताल पुलिस चौकी जा पहुंची। हालांकि पुलिस ने छानबीन की तो मामला घरेलू विवाद का निकला, लेकिन घटना ने एक बार फिर अस्पताल में सुरक्षा व्यवस्था की पोल खोल दी है।
मेडिकल कॉलेज अस्पताल में बच्चा चोरी की खबर ने तीन साल पुराने मामले का याद ताजा कर दिया है। अस्पताल में अगस्त 2023 में बच्चा चोरी की एक घटना घटित हुई थी। जिसमें चार माह के मासूम को एक युवती चोरी कर अपने साथ ले गई थी। मामले को पुलिस ने महज 24 घंटे के भीतर न सिर्फ सुलझाने में सफलता पाई थी, बल्कि आरोपी को भी गिरफ्तार किया गया था। इस सनसनी खेज घटना के बाद अस्पताल की सुरक्षा को लेकर सवाल उठने लगे थे। लोगों को उम्मीद थी कि बच्चा चोरी के बाद प्रबंधन सुरक्षा व्यवस्था में सुधार करेगी, लेकिन हालात तीन साल बाद भी पहले की तरह की बनी हुई है। मेडिकल कॉलेज अस्पताल में कामथेन सिक्योरिटी एजेंसी के सुरक्षा कर्मी ही तैनात हैं। जिनकी आंखों के सामने ही आए दिन चोरी की घटना घटित हो रही है। शातिर चोर अस्पताल के भीतर कीमती सामान की चोरी कर रहे हैं तो कभी अस्पताल परिसर से बाइक पर हाथ साफ कर रहे हैं। शुक्रवार की शाम भी सुरक्षा कर्मी अस्पताल में तैनात थे। इसके बावजूद महिला सफाई कर्मी का दो वर्षीय पुत्र गायब हो गया। महिला कर्मी काफी देर तक बेटे की तलाश करती रही। वह रोते बिलखते अपने कुछ परिचितों के साथ अस्पताल पुलिस चौकी जा पहुंची। जहां उसने बच्चा चोरी हो जाने की सूचना दी। मामले को गंभीरता से लेते हुए अस्पताल पुलिस ने सिविल लाइन थाना को अवगत कराया। इसके साथ ही पुलिस हरकत में आ गई। इधर बच्चा चोरी की खबर मिलने पर सुरक्षा कर्मियों की नींद टूटी, वे महिला कर्मी के साथ क्षेत्र में ही बच्चे की तलाश में पहुंचे। इस दौरान एक युवक को पकड़कर चौकी लाया गया। पुलिस ने गंभीरता के साथ छानबीन शुरू की तो मामला घरेलू विवाद का निकला। दरअसल बच्चे को उसका पिता ही अपने साथ ले गया था। जिसकी जानकारी महिला कर्मी को भी नहीं थी। मासूम के सकुशल होने से महिला कर्मी सहित पुलिस ने राहत की सांस ली, लेकिन अस्पताल की सुरक्षा व्यवस्था पर एक बार फिर सवाल खड़े हो गए हैं।
मेडिकल कॉलेज अस्पताल से बच्चा गायब, फैली सनसनी बच्चा चोरी नहीं घरेलू विवाद का निकला मामला
- Advertisement -








