लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाने वाले चालकों के खिलाफ हुई कार्रवाई, वाहन जप्त

- Advertisement -

कोरबा@M4S:पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में जिले में कानून-व्यवस्था बनाए रखने एवं सडक़ सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से सतत कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में थाना सिविल लाइन रामपुर क्षेत्रांतर्गत 19 मार्च को दोपहर लगभग 3:30 से 4 बजे के मध्य घंटाघर ओपन थियेटर मैदान में कुछ वाहन चालकों द्वारा लापरवाहीपूर्वक एवं खतरनाक तरीके से वाहन चलाने की सूचना प्राप्त हुई। उक्त कृत्य से वहां उपस्थित आम नागरिकों के लिए दुर्घटना की स्थिति निर्मित हो रही थी। प्राप्त शिकायत के आधार पर थाना सिविल लाइन रामपुर में अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया। जांच के दौरान वाहन क्रमांक सीजी 11 एए 6166 (स्कॉर्पियो), सीजी 12 बीजे 2975 (बोलेरो), सीजी 12 बीएफ 3890 (स्विफ्ट) एवं सीजी 04 एनजी 8300 (थार) के चालकों के विरुद्ध प्रथम सूचना पत्र दर्ज किया गया। जांच के दौरान वाहन क्रमांक सीजी 04 एनजी 8300 (थार) का चालक रामकृष्ण साहू तथा वाहन का स्वामी नंदूलाल साव निवासी दर्री, कोरबा होना पाया गया।

वाहन मालिक का पता लगाकर उक्त वाहन को जप्त कर लिया गया है तथा अन्य वाहनों की तलाश जारी है। वाहनों की जप्ती के उपरांत मोटर व्हीकल एक्ट की सुसंगत धाराओं के तहत कड़ी वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। उक्त प्रकरण में संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध थाना सिविल लाइन रामपुर में प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की गई है, जिनमें हिमांशु बैरागी, निवासी बुधवारी, मुकेश कुमार बैगा निवासी आईटीआई रामपुर, रामकिशन साहू, निवासी रामपुर बस्ती के विरुद्ध भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता, 2023 की धारा 170 एवं 126/135 के तहत प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की गई है।
पुलिस द्वारा ऐसे लापरवाह वाहन चालकों के विरुद्ध सतत अभियान चलाकर निगरानी रखी जा रही है तथा भविष्य में इस प्रकार की गतिविधियों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Related Articles