नई दिल्ली(एजेंसी):भारत की टी20 टीम के नए कप्तान श्रेयस अय्यर पहली जीत के लिए तरस रहे हैं। आयरलैंड जैसी टीम के खिलाफ वह खाता नहीं खोल पाए। इंग्लैंड के खिलाफ भी जीत अभी तक उनसे दूर है। इंग्लैंड के खिलाफ तीसरा मैच नॉटिंघम के ट्रेंट ब्रिज स्टेडियम में खेला जाना है और इसमें अय्यर प्लेइंग-11 में कुछ बदलाव कर सकते हैं।
मैनचेस्टर के ओल्ड ट्रेफर्ड में खेले गए दूसरे मैच में इंग्लैंड ने चार विकेट से जीत हासिल करते हुए सीरीज में 1-0 की बढ़त ले ली है। सीरीज का पहला मैच बारिश के कारण रद हो गया था जिसमें सिर्फ भारत ने बैटिंग की थी। अब टीम इंडिया की नजरें तीसरे मैच को जीत सीरीज में बराबरी हासिल करने पर हैं।
वैभव जाएंगे बाहर?
इस मैच से पहले सवाल ये है कि क्या टीम इंडिया वैभव सूर्यवंशी को मौका देगी या बाहर कर देगी। मैनेचस्टर में वैभव ने डेब्यू किया था और 14 रन बनाए थे। उन्हें संजू सैमसन की जगह टीम में शामिल किया गया था जो लगातार फेल होने के कारण निशाने पर थे। वैभव ने छोटी सी पारी में अपनी निडरता से बता दिया था कि वह लंबी रेस का घोड़ा बनने का दम रखते हैं। ऐसे में लगता नहीं की उन्हें आराम दिया जाएगा। वैसे भी एक मैच के बाद किसी को बाहर करना वैसे भी ज्यादती होगी।
बल्लेबाजी में किसी तरह के बदलाव की गुंजाइश दिखती नहीं है। एक संभावना ये बन सकती है कि ईशान किशन को बाहर कर संजू को तीसरे नंबर पर खिलाया जाए। ईशान भी लगातार फेल रहे हैं। पिछले मैच में उन्होंने जरूर 49 रन बनाए थे, लेकिन काफी धीमी बल्लेबाजी की थी।
रवि बिश्नोई का बाहर जाना तय
पिछले मैच में टीम इंडिया की हार की एक बड़ी वजह रवि बिश्नोई रहे थे। अहम समय पर उनकी खराब गेंदबाजी ने सारा काम बिगाड़ दिया था। बहुत संभावना है कि तीसरे मैच में वह बाहर हो जाएं। उनकी जगह अय्यर तेज गेंदबाज प्रिंस यादव को मौका दे सकते हैं। इंग्लैंड में वैसे भी तीन स्पिनरों का खिलाने की कोई तुक नहीं है। टीम इंडिया ने ये प्रयोग किया था जो असफल रहा। ऐसे में भारत एक स्पिनर की जगह एक तेज गेंदबाज को शामिल कर सकता है। वरुण चक्रवर्ती और अक्षर पटेल तो हैं ही।
भारत की संभावित प्लेइंग-11
श्रेयस अय्यर (कप्तान), वैभव सूर्यवंशी, अभिषेक शर्मा, संजू सैमसन, तिलक वर्मा, शिवम दुबे, अक्षर पटेल, हर्षित राणा, प्रिंस यादव, अर्शदीप सिंह, वरुण चक्रवर्ती।







