तेज आंधी से फटकर OHE तार में फंसा मालगाड़ी का तिरपाल

- Advertisement -

 लोको पायलट की सूझबूझ से बड़ी अनहोनी टली
कोरबा@M4S:शहर में उस समय बड़ी अनहोनी टल गई, जब आंधी तुफान से मालगाड़ी के डिब्बे में ढंका तिरपाल फट गया। यह तिरपाल तेज हवा के साथ ओएचई तार व खंभे में फंसने लगा। लोको पायलट ने सूझबूझ से काम लेते हुए मालगाड़ी में ब्रेक लगा दी। मौके पर पहुंची रेलवे के मेंटेनेंस टीम ने तिरपाल को निकालकर अलग गया, तब कहीं जाकर लोको पायलट मालगाड़ी को लेकर गंतव्य के लिए रवाना हुआ।
यह वाक्या शुक्रवार की सुबह उषा काम्प्लेक्स- दुरपा रोड के बीच सामने आया। बताया जा रहा है कि लोको पायलट मालगाड़ी में खदान से कोयला लोड कर संयंत्र के लिए रवाना हुआ था। मालगाड़ी के डिब्बे में लोड कोयले को तिरपाल से ढंका गया था। मालगाड़ी के खदान से निकले कुछ ही देर हुए थे कि मौसम ने अचानक करवट ली। हल्की बूंदाबांदी के साथ तेज आंधी चलने लगी। जिससे मालगाड़ी के डिब्बे में ढंका तिरपाल फट गया। यह तिरपाल तेज हवा के साथ उड़कर ओएचई तार व रेल लाइन के बाजू में लगे विद्युत पोल में फंसने लगा। किसी तरह की अनहोनी होती, इससे पहले तिरपाल के फंसने का अहसास लोको पायलट को हो गया। उसने सूझबूझ से काम लेते हुए मालगाड़ी को तत्काल रोक दी। लोको पायलट ने आला अफसरों को मामले से अवगत कराया। सूचना मिलते ही रेलवे की मेंटेनेंस टीम मौके पर पहुंची। टीम ने तिरपाल को ओएचई तार व खंभों से अलग किया, तब कहीं जाकर लोको पायलट मालगाड़ी को लेकर गंतव्य के लिए रवाना हुआ। यदि लोको पायलट सूझबूझ से काम नही लेता तो बड़ी अनहोनी हो सकती थी।

Related Articles