नाबालिग से दुष्कर्म के आरोपी समेत दो गिरफ्तार

- Advertisement -
दूसरे मामले में 8 लीटर कच्ची महुआ शराब जब्त
कोरबा@M4S: महिला एवं बाल अपराधों तथा अवैध नशे के कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत उरगा पुलिस ने दो अलग-अलग मामलों में कार्रवाई करते हुए एक नाबालिग से दुष्कर्म व छेड़छाड़ के आरोपी तथा अवैध महुआ शराब बेचने वाले युवक को गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
 उरगा थाने में एक व्यक्ति ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उसकी नाबालिग बेटी 19 सितंबर को सुबह करीब 9.30 बजे स्कूल जाने के लिए घर से निकली थी, लेकिन स्कूल नहीं पहुंची। मामले में अज्ञात व्यक्ति द्वारा बहला-फुसलाकर ले जाने की आशंका पर अपराध क्रमांक 520/2026 के तहत धारा 137(2) बीएनएस में अपराध दर्ज किया गया था। जांच के दौरान पुलिस ने बालिका को सकुशल बरामद कर लिया। बाल कल्याण समिति और न्यायालय के समक्ष दिए गए बयान में बालिका ने मुकेश यादव (19), निवासी धंवईपुर, थाना कटघोरा पर बहला-फुसलाकर ले जाने, छेड़छाड़ करने तथा पूर्व में दुष्कर्म करने के आरोप लगाए। इसके बाद मामले में धारा 65(1), 74 बीएनएस तथा पॉक्सो एक्ट की धारा 4 और 8 जोड़ी गई। पुलिस ने मुकेश यादव को 6 अक्टूबर को गिरफ्तार कर विशेष न्यायालय (एफटीएससी) कोरबा में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया। दूसरी कार्रवाई में उरगा पुलिस को 5 अक्टूबर को मुखबिर से सूचना मिली कि दर्राभाठा पानी टंकी के पास एक व्यक्ति कच्ची महुआ शराब बेच रहा है। पुलिस ने स्वतंत्र गवाहों के साथ घेराबंदी कर अजीत खुटे (43), निवासी खोडडल, थाना उरगा को पकड़ा। तलाशी के दौरान उसके पास से करीब 8 लीटर कच्ची महुआ शराब बरामद हुई। शराब के संबंध में कोई वैध दस्तावेज नहीं मिलने पर पुलिस ने शराब जब्त कर आरोपी के खिलाफ अपराध क्रमांक 551/2026 में धारा 34(2) आबकारी अधिनियम के तहत कार्रवाई की। आरोपी को न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया। पुलिस अधिकारियों के अनुसार महिला एवं बाल अपराधों के साथ-साथ अवैध शराब और नशीले पदार्थों के कारोबार के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा।

Related Articles