इंदौर-बिलासपुर नर्मदा एक्सप्रेस को कोरबा तक बढ़ाने की मांग तेज

- Advertisement -

महाप्रबंधक के नाम सौंपा गया ज्ञापन, सीधी ट्रेन नहीं होने से लोगों को हो रही परेशानी
कोरबा@M4S:स्थानीय यात्रियों व जनप्रतिनिधियों ने इंदौर-बिलासपुर नर्मदा एक्सप्रेस को बिलासपुर से आगे कोरबा तक विस्तारित करने की मांग तेज कर दी है। इस संबंध में यात्रियों की ओर से महाप्रबंधक दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे बिलासपुर को ज्ञापन सौंपा गया है।
ज्ञापन में उल्लेख किया गया है कि इंदौर से बिलासपुर तक संचालित यह ट्रेन मध्यप्रदेश और छत्तीसगढ़ के बीच यात्रा करने वाले हजारों यात्रियों के लिए महत्वपूर्ण साधन है, किंतु कोरबा, चांपा, नैला, अकलतरा, कोतमीसुनार, जयरामनगर, गतौरा सहित आसपास के क्षेत्रों के लोगों को अब भी सीधी रेल सुविधा का लाभ नहीं मिल पा रहा है। क्षेत्र के लोग एशिया की सबसे बड़ी औद्योगिक क्षेत्र इंदौर (पीथमपुर) में रोजगार के लिए आवागमन करते हैं। बड़ी संख्या में कार्यरत कर्मचारी निवासरत हैं। इसके अलावा इस क्षेत्र की धर्म प्रेमी जनता महाकाल की नगरी उज्जैन व इंदौर ओंकारेश्वर, महेश्वर दर्शनीय स्थलों को जाते हैं। यात्रियों को गंतव्य तक पहुंचने के लिए बिलासपुर में ट्रेन बदलनी पड़ती है, जिससे समय और आर्थिक भार दोनों तरह की परेशानी होती है। कोरबा प्रदेश का प्रमुख औद्योगिक व ऊर्जा केंद्र है, जहां एनटीपीसी और बालको जैसे बड़े उपक्रम स्थित हैं। यहां प्रतिदिन बड़ी संख्या में कामगार, छात्र व व्यापारी आवागमन करते हैं। ऐसे में इंदौर से कोरबा तक सीधी रेल सेवा शुरू होने से यात्रियों को काफी सुविधा मिलेगी और क्षेत्रीय विकास को भी गति मिलेगी। यात्रियों व क्षेत्रवासियों ने रेलवे प्रशासन से मांग की है कि जनहित को ध्यान में रखते हुए नर्मदा एक्सप्रेस को शीघ्र ही कोरबा तक विस्तारित किया जाए। उन्होंने उम्मीद जताई है कि रेलवे प्रशासन इस मांग पर सकारात्मक निर्णय लेगा।

Related Articles