नई दिल्ली(एजेंसी):दिग्गज बल्लेबाज केएल राहुल ने पंजाब किंग्स के खिलाफ अरुण जेटली स्टेडियम में कमाल की बल्लेबाजी की। उन्होंने ताबड़तोड़ बल्लेबाजी करते हुए 47 गेंदों पर अपना शतक पूरा किया। उन्होंने आईपीएल करियर का छठा शतक है। राहुल ने अपनी पारी के दौरान कई रिकॉर्ड्स तोड़े। उन्होंने शतक लगाने से पहले एमएस धोनी के रिकॉर्ड को ध्वस्त किया।
राहुल ने धोनी को ही नहीं बल्कि क्रिस गेल के रिकॉर्ड की बराबरी कर ली है। तो वहीं वे आईपीएल में दिल्ली कैपिटल्स के लिए सबसे तेज शतक लगाने वाले बल्लेबाज बन गए हैं। राहुल को पंजाब ने दो मौके दिए और उन्होंने इसका पूरा फायदा उठाया। राहुल का कैच पहले शशांक सिंह ने छोड़ा और उसके बाद विजयकुमार विशाक ने 51 रनों पर उनका कैच टपकाया। ऐसे में राहुल ने सेंचुरी लगाकर रिकॉर्ड्स की झड़ी लगा दी।
केएल राहुल ने की क्रिस गेल की बराबरी
राहुल आईपीएल में सबसे अधिक शतक लगाने के मामले में वेस्टइंडीज के पूर्व बल्लेबाज क्रिस गेल की बराबरी कर ली है। गेल ने आईपीएल में 6 शतक लगाए थे और अब राहुल के भी 6 शतक हो गए हैं। वे इस मामले में संयुक्त रूप से तीसरे स्थान पर पहुंच गए हैं।
IPL में सबसे अधिक शतक लगाने वाले बल्लेबाज
- विराट कोहली – 8
- जोस बटलर – 7
- केएल राहुल – 6
- क्रिस गेल – 6
- संजू सैमसन – 5
एमएस धोनी को छोड़ा पीछे
राहुल ने सैकड़ा जड़ने के साथ ही दिग्गज विकेटकीपर बल्लेबाज एमएस धोनी को पीछे छोड़ दिया है। राहुल ने आईपीएल में सबसे अधिक रन बनाने के मामले में धोनी को पीछे छोड़ा है। धोनी ने अब तक आईपीएल में 5439 रन बनाए हैं। राहुल ने 13 रन बनाते ही धोनी को पीछे छोड़ दिया। अब वे आईपीएल में सबसे अधिक रन बनाने वालों बल्लेबाजों की लिस्ट में छठे स्थान पर पहुंच गए हैं।
राहुल बने पहले बल्लेबाज
राहुल ने आईपीएल में 6 शतक लगाए हैं और उन्होंने ये 3 अलग-अलग टीमों के लिए लगाए हैं। राहुल एकमात्र ऐसे खिलाड़ी हैं, जो आईपीएल में तीन अलग-अलग टीमों के लिए 2-2 शतक लगाए हैं। उनसे पहले किसी भी बल्लेबाज ने ये कारनामा नहीं किया है। वे दिल्ली के लिए दो शतक लगा चुके हैं और इसी के साथ उन्होंने डेविड वॉर्नर और शिखर धवन की बराबरी कर ली है। वॉर्नर और धवन ने भी दिल्ली के लिए दो-दो शतक लगाए थे।





































