- Advertisement -
कोरबा@M4S:प्रदेश में हाल ही में कांकेर सहित कुछ ग्रामीण क्षेत्रों में उत्पन्न तनाव, विभिन्न समुदायों के बीच बढ़ती गलतफहमियों, हिंसक घटनाओं तथा प्रशासन और सरकार की कथित अकर्मण्यता व उदासीनता के विरोध में सर्व समाज छत्तीसगढ़ ने बुधवार को प्रदेशव्यापी छत्तीसगढ़ बंद का आह्वान किया था। इस बंद को चैंबर ऑफ कॉमर्स का समर्थन मिला। प्रदेश बंद का ऊर्जाधानी में व्यापक असर देखने को मिला। अधिकांश दुकानें बंद रही।

सर्व समाज ने स्पष्ट किया कि यह बंद किसी धर्म, समुदाय या व्यक्ति के विरोध में नहीं है, बल्कि प्रदेश में शांति-व्यवस्था, सामुदायिक सुरक्षा और सामाजिक सद्भाव बनाए रखने तथा हाल की घटनाओं की निष्पक्ष व त्वरित जांच की मांग को लेकर किया जा रहा है। संगठन ने कहा कि इसका उद्देश्य लोकतांत्रिक और शांतिपूर्ण तरीके से सरकार एवं प्रशासन तक आम नागरिकों की आवाज पहुंचाना है। सर्व समाज ने अपनी मांगों को स्पष्ट करते हुए कहा है कि हाल की घटनाओं की निष्पक्ष एवं त्वरित जांच कर दोषियों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए। सभी प्रभावित परिवारों को सुरक्षा एवं आवश्यक सहायता तत्काल उपलब्ध कराई जाए। किसी भी समुदाय के खिलाफ फैल रही अफवाहों, नफरत और हिंसा पर रोक लगाने हेतु ठोस कदम उठाए जाएं। ग्रामीण क्षेत्रों में कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ कर आम नागरिकों का जीवन भयमुक्त बनाया जाए। समाज में जानबूझकर तनाव फैलाने वाले तत्वों पर प्रभावी एवं कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।





































