नई दिल्ली(एजेंसी):पिछले साल वॉर 2 का ट्रेलर रिलीज हुआ था, तब राम गोपाल वर्मा ने इशारों-इशारों में कियारा आडवाणी के बिकिनी लुक पर तंज कसा था जिसके बाद उन्हें काफी आलोचना झेलनी पड़ी थी। बाद में उन्होंने अपना ट्वीट डिलीट कर दिया था।
अब एक साल बाद राम गोपाल वर्मा ने कियारा आडवाणी के बिकिनी लुक को लेकर किए गए कमेंट पर अपना रिएक्शन दिया है। उन्होंने एक हालिया इंटरव्यू में सफाई देते हुए क्या कहा है, जानिए यहां…
विवादित कमेंट पर राम गोपाल वर्मा की सफाई
राम गोपाल वर्मा ने विक्की लालवानी के साथ बातचीत में अपने कमेंट को एक तरह का कॉम्प्लीमेंट बताया है। उन्होंने कहा, “मुझे सच में याद नहीं कि मैंने ट्वीट में क्या लिखा था या क्या कहा था क्योंकि मैंने बहुत सारे ट्वीट किए थे और यह बहुत पहले की बात है। मेरा मतलब यह है कि आप एक ट्रेलर में बिकिनी पहने एक खूबसूरत लड़की की इमेज डाल रहे हो जो प्रवोक कर रही है। मैं इसे एक बैकहैंडेड कॉम्प्लिमेंट मानूंगा।”
छुपाकर नहीं रखते हैं अपनी राय
राम गोपाल वर्मा ने कहा कि उन्होंने वही कमेंट किया जो ट्रेलर देखकर उन्हें महसूस हुआ। इसके आगे डायरेक्टर ने बताया कि वह हमेशा से ही ऐसा करते आए हैं। वह खूबसूरत महिलाओं के बारे में कमेंट करने से नहीं झिझकते हैं। उन्होंने कहा, “रंगीला के दिनों से भी मैंने खूबसूरत महिलाओं के बारे में अपने कमेंट्स को कभी भी छिपाकर नहीं रखा। मैं हमेशा इस बारे में ओपन रहा हूं, यहां तक कि जब मैंने श्रीदेवी के बारे में बात की… मैं सब कुछ वैसा ही करूंगा जैसा मैं हूं।”
राम गोपाल वर्मा ने कहा कि वह बहुत एक्सप्रेसिव रहे हैं और वह कभी भी खुद को बदलने नहीं वाले हैं। जब उनसे पूछा गया कि उन्होंने ट्वीट क्यों डिलीट किया, तो उन्होंने माना कि उन्हें याद नहीं है कि उन्होंने ऐसा क्यों किया।”





































