कोरबा@M4S:जनगणना 2027 की प्रक्रिया अब पूरी तरह से डिजिटल हो चुकी है। जनगणना में पहली बार नागरिकों को स्व-गणना की सुविध दी है। अब आपको अपने घर की बुनियादी जानकारी देने के लिए जनगणना कर्मी के आने का इंतजार करने की जरूरत नहीं है। आप अपने मोबाइल या लैपटॉप से खुद ही अपना और अपने परिवार का डेटा दर्ज कर सकते हैं। अक्सर जनगणना के दौरान प्रगणकों द्वारा पूछे गए सवालों के जवाब देने में समय लगता है। स्व-गणना इसी समय को बचाने और डेटा की सटीकता बढ़ाने का एक आधुनिक तरीका है। यह व्यवस्था नागरिकों की सुविधा के लिए लाई गई है। स्व-गणना के माध्यम से आप अपनी जानकारी को सही-सही और इत्मीनान से दर्ज कर सकते हैं, जिससे मानवीय भूलों की गुंजाइश खत्म हो जाती है। जब 1 मई से 30 मई 2026 के बीच जनगणना कर्मी (प्रगणक) आपके घर आएंगे, तो आपको उनसे लंबी पूछताछ नहीं करनी पड़ेगी। प्रगणक अपने मोबाइल/टैबलेट में वह आईडी डालेंगे, जिससे आपका भरा हुआ पूरा डेटा उनके सामने स्क्रीन पर आ जाएगा। डिजिटल ऐप के माध्यम से वेरिफाई (सत्यापन) बटन दबाकर प्रक्रिया पूरी कर देंगे। यदि फॉर्म में कोई छोटी-मोटी त्रुटि रह गई है, तो उसे मौके पर ही सुधार देंगे।
स्टेप बाय स्टेप: ऑनलाइन स्व-गणना फॉर्म ऐसे भरें
यदि आप स्वयं अपनी जानकारी पोर्टल पर दर्ज करना चाहते हैं, तो नीचे दिए गए चरणों का पालन करें। पोर्टल पर जाएं। सबसे पहले अपने मोबाइल या कंप्यूटर के ब्राउज्जर में आधिकारिक वेबसाइट https://se.census.gov.in/ओपन करें। मोबाइल नंबर से पंजीकरण करें। साइट खुलते ही अपना चालू मोबाइल नंबर दर्ज करें। आपके फोन पर एक ओटीपी (वन टाइम पासवर्ड) आएगा। इसे सबमिट करते ही आप पोर्टल के मुख्य डैशबोर्ड में पहुँच जाएंगे। फिर जानकारी दर्ज करें। अब आपके सामने जनगणना फॉर्म खुलेगा। इसमें परिवार के मुखिया, सदस्यों के नाम, उनकी शैक्षणिक योग्यता, कार्यक्षेत्र और मकान से जुड़ी अन्य आवश्यक जानकारी सावधानीपूर्वक भरें। सबमिट और आईडी का ऑप्शन रहेगा। फॉर्म भरने के बाद सबमिट बटन दबाएं। प्रक्रिया पूरी होते ही आपके रजिस्टर्ड मोबाइल नंबर पर एक यूनिक रेफरेंस आईडी आएगी।





































