नई दिल्ली(एजेंसी):’सुरों की रानी’ आशा भोसले अब इस दुनिया में नहीं रहीं। आशा भोसले का अंतिम संस्कार कब होगा और किसने उन्हें श्रद्धांजलि दी है .मशहूर गायिका आशा भोसले (Asha Bhosle) अब इस दुनिया में नहीं रहीं। 92 साल की गायिका को 11 अप्रैल 2026 को अचानक तबीयत बिगड़ने के बाद ब्रीच कैंडी अस्पताल में भर्ती कराया गया था।
पहले खबर आई कि आशा भोसले को कार्डियक अरेस्ट के चलते भर्ती कराया गया है, लेकिन बाद में उनकी पोती जनाई भोसले ने खुलासा किया कि उनकी दादी को चेस्ट इन्फेक्शन था। 12 अप्रैल को आशा भोसले का निधन हो गया। ANI के मुताबिक, ब्रीच कैंडी अस्पताल के डॉक्टर्स का कहना है कि आशा ताई का मल्टीपल ऑर्गन फेलियर के चलते निधन हुआ है।
पीएम मोदी ने जताया दुख
आशा भोसले के निधन से पीएम नरेंद्र मोदी को भी झटका लगा है। उन्होंने श्रद्धांजलि देते हुए एक्स पर लिखा, “भारत की सबसे जानी-मानी और बहुमुखी आवाज़ों में से एक, श्रीमती आशा भोसले जी के निधन से मुझे गहरा दुख हुआ है। दशकों तक फैली उनकी अनोखी संगीत यात्रा ने हमारी सांस्कृतिक विरासत को समृद्ध किया है और दुनिया भर में अनगिनत लोगों के दिलों को छुआ है।
उन्होंने आगे कहा, “दिल को छू लेने वाली धुनों से लेकर जोशीली रचनाओं तक, उनकी आवाज़ में एक कालातीत चमक थी। उनके साथ हुई बातचीत की यादों को मैं हमेशा संजोकर रखूंगा। उनके परिवार, प्रशंसकों और संगीत प्रेमियों के प्रति मेरी हार्दिक संवेदनाएं। वह आने वाली पीढ़ियों को प्रेरित करती रहेंगी, और उनके गीत हमेशा लोगों के जीवन में गूंजते रहेंगे।”
कल होगा अंतिम संस्कार
आशा भोसले के निधन की पुष्टि करते हुए उनके बेटे आनंद भोसले ने बताया कि कल सुबह 11 बजे लोअर परेल के कासा ग्रांडे में लोग उन्हें अंतिम विदाई देने आ सकते हैं। वहीं, शाम चार बजे शिवाजी पार्क में उनका अंतिम संस्कार होगा।





































