नई दिल्ली(एजेंसी):अदाणी पावर ने गुरुवार को बताया है कि इसने जयप्रकाश एसोसिएट्स लिमिटेड (JAL) के साथ कई समझौते किए हैं। इन समझौतों के तहत, JAL के लिए NCLT से मंजूर रेजोल्यूशन प्लान के हिस्से के तौर पर, अदाणी पावर जयप्रकाश पावर वेंचर्स लिमिटेड (JPVL) में 24% हिस्सेदारी और उत्तर प्रदेश में 180 MW के चर्क थर्मल पावर प्लांट को खरीदेगी।
कंपनी ने बताया कि इसने JPVL में JAL की 24% हिस्सेदारी लगभग 2,993.6 करोड़ रुपये में खरीदने के लिए एक शेयर खरीद समझौता (Share Purchase Agreement) किया है। इसके अलावा, इसने 1,200 करोड़ रुपये में चर्क थर्मल पावर प्लांट और उससे जुड़ी एसेट्स को खरीदने के लिए एक बिजनेस ट्रांसफर समझौता भी किया है।
बता दें कि इन संपत्तियों में प्रयागराज पावर जेनरेशन कंपनी लिमिटेड में JAL की 11.49% हिस्सेदारी भी शामिल है।
अदाणी पावर की इस सेक्टर में मजबूत होगी पकड़
माना जा रहा है कि इन डील्स से अदाणी पावर का प्रोडक्शन पोर्टफोलियो मजबूत होगा और थर्मल पावर सेक्टर में इसकी मौजूदगी और आगे बढ़ेगी। साथ ही, इससे उसे JPVL के डायवर्सिफाई एनर्जी और माइनिंग संपत्तियों तक एक्सेस पाने में भी मदद मिलेगी।
यह डील, कर्ज में डूबी JAL के लिए अदाणी ग्रुप की लीडरशिप वाली रेजोल्यूशन प्लान का एक हिस्सा है और अदाणी पावर के मुख्य व्यवसाय (पावर जनरेशन) के अनुरूप है।
कैश में होगी डील पूरी
अदाणी पावर ने कहा है कि ये डील कैश में पूरी की जाएंगी। इसने उम्मीद जताई कि ये मंजूर की गई रेजोल्यूशन प्लान के तहत “Effective Date” पर पूरी हो जाएँगी। यह डेट 17 मार्च, 2026 को NCLT से मिली मंजूरी के 90 दिनों के अंदर आएगी।
और क्या-क्या है संपत्ति में?
JPVL के पास 2,220 MW की कुल क्षमता वाले थर्मल और हाइड्रो पावर एसेट्स हैं। साथ ही कंपनी कोयला खनन, रेत खनन और सीमेंट ग्राइंडिंग के कारोबार में भी शामिल है। कंपनी ने FY25 में 57,063 करोड़ रुपये का टर्नओवर दर्ज किया, जबकि FY24 में यह 71,510 करोड़ रुपये था।
चर्क एसेट में उत्तर प्रदेश के सोनभद्र ज़िले में स्थित 180 MW का थर्मल पावर प्लांट शामिल है।
जयप्रकाश एसोसिएट्स के लिए अदाणी ग्रुप का ऑफर पास
इस साल की शुरुआत में, NCLT ने जयप्रकाश एसोसिएट्स के लिए अदाणी ग्रुप के 14,535 करोड़ रुपये के रेजोल्यूशन प्लान को मंजूरी दे दी थी। यह मंजूरी तब मिली जब अदाणी ग्रुप को अधिकतर लेंडर्स का समर्थन मिल गया, जबकि लेंडर्स ने वेदांता की तरफ से आई ज़्यादा बड़ी बोली को खारिज कर दिया था।
किस भाव पर हैं शेयर?
इस खबर के बीच अदाणी पावर का शेयर सवा 10 बजे 2.36 फीसदी की तेजी के साथ 225.40 रुपये पर है। जयप्रकाश पावर वेंचर्स का शेयर 5.24 फीसदी की बढ़ोतरी के साथ 19.29 रुपये पर है।





































