कोरबा@M4S:कोरबा जिले के कटघोरा ब्लॉक के ग्राम अरदा के ग्रामीणों ने सोमवार को बड़ी संख्या में बांकीमोंगरा थाना पहुंचकर टीएमसी कंपनी के अधिकारियों के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई। शिकायतकर्ता शंकर सिंह ने आरोप लगाया है कि कोयला उत्खनन और पेस्ट फिलिंग कार्य में लगी टीएमसी कंपनी के अधिकारियों द्वारा गांव के मुख्य मार्ग को बंद करने का प्रयास किया जा रहा है, जिसका विरोध करने पर उनके साथ जातिसूचक शब्दों का प्रयोग करते हुए अपमानित किया गया तथा जान से मारने की धमकी दी गई।
शिकायत पत्र के अनुसार, 27 मई 2026 को कंपनी के अधिकारियों द्वारा लापरवाही और भैसाजार को जोड़ने वाले मुख्य मार्ग को बंद करने की कोशिश की गई। ग्रामीणों का कहना है कि यह रास्ता कई गांवों के लोगों के आवागमन का प्रमुख मार्ग है तथा बच्चों के स्कूल जाने के लिए भी उपयोग किया जाता है।
आरोप है कि विरोध करने पर टीएमसी कंपनी के एक अधिकारी ने शिकायतकर्ता से कहा कि “यह जमीन हमारी है, तुम आदिवासी हो, ज्यादा आपत्ति करोगे तो देख लेंगे” तथा अपमानजनक शब्दों का प्रयोग किया। शिकायतकर्ता ने इसे अनुसूचित जनजाति समुदाय का अपमान बताते हुए अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति (अत्याचार निवारण) अधिनियम 1989 के तहत कार्रवाई की मांग की है।

ग्रामीणों ने बताया कि जिस मार्ग को बंद करने की बात सामने आ रही है, वह वर्षों से गांव के लोगों के उपयोग में है और वहां उनके पूर्वजों द्वारा निर्मित स्थल भी मौजूद है। ऐसे में रास्ता बंद होने से ग्रामीणों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ सकता है।
बड़ी संख्या में महिलाएं और ग्रामीण थाना पहुंचकर मामले की निष्पक्ष जांच और दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग करते नजर आए। शिकायत पत्र में पुलिस प्रशासन से मामले की जांच कर संबंधित अधिकारियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करने की मांग की गई है।
फिलहाल पुलिस ने शिकायत प्राप्त कर मामले की जांच शुरू कर दी है। मामले में जांच के बाद ही आगे की कार्रवाई स्पष्ट हो सकेगी।






