कोरबा@M4S:रक्षाबंधन पर घर जाने की तैयारी कर रहे यात्रियों के लिए इस बार ट्रेन में सीट मिलना मुश्किल हो गया है। 28 अगस्त को रक्षाबंधन और इसके आसपास छुट्टियों के कारण प्रमुख ट्रेनों में कन्फर्म सीटों की मांग बढ़ गई है। बिलासपुर से दिल्ली, मुंबई, पुणे, नागपुर और हावड़ा जाने वाली ट्रेनों में 27 से 30 अगस्त के बीच कई जगह वेटिंग चल रही है। सबसे ज्यादा दबाव दिल्ली और मुंबई रूट पर है।
त्योहार से पहले घर आने और रक्षाबंधन के बाद वापस लौटने वाले यात्रियों की संख्या बढ़ने से ट्रेनों में सीटों की मांग बढ़ी है। इसका असर बिलासपुर जंक्शन के साथ ट्रेनों के जनरल कोच में भीड़ के रूप में दिखाई दे सकता है। बिलासपुर से रायपुर, दुर्ग, नागपुर, कटनी, जबलपुर के साथ झारखंड और ओडिशा जाने वाले यात्रियों की संख्या भी बढ़ने की संभावना है। राजधानी एक्सप्रेस में 27 अगस्त को थर्ड एसी और सेकेंड एसी में सीटें उपलब्ध हैं। इस ट्रेन में स्लीपर कोच नहीं है। 12823 छत्तीसगढ़ संपर्क क्रांति एक्सप्रेस में 29 अगस्त को स्लीपर में वेटिंग चल रही है। वहीं 18237 छत्तीसगढ़ एक्सप्रेस में 27 से 30 अगस्त के बीच स्लीपर में लगातार वेटिंग है। एसी-2 और एसी-3 में भी सीटों की मांग बनी हुई है। 18477 उत्कल एक्सप्रेस में 27 से 30 अगस्त तक स्लीपर सहित अन्य श्रेणियों में वेटिंग चल रही है। ट्रेन संख्या 12860 गीतांजलि एक्सप्रेस में भी मुंबई रूट पर 27 से 30 अगस्त के बीच स्लीपर में वेटिंग की स्थिति है। बिलासपुर से कोलकाता-हावड़ा की ओर जाने वाली ट्रेनों में 28 और 29 अगस्त को सीटों की मांग ज्यादा है। रक्षाबंधन और छुट्टियों के कारण इन ट्रेनों में भी कन्फर्म सीट मिलना मुश्किल हो रहा है।
ट्रेन में सीट नहीं तो बस का सहारा
ट्रेनों में कन्फर्म सीट नहीं मिलने का असर निजी बसों पर भी दिखने लगा है। निजी ट्रेवल्स बसों में रायपुर, अंबिकापुर, रायगढ़ और नागपुर रूट पर यात्रियों की मांग बढ़ी है। ट्रेन में कन्फर्म टिकट नहीं मिलने के कारण यात्रियों को बस का विकल्प चुनना पड़ रहा है।








