कोरबा@M4S: रेलवे भर्ती बोर्ड (आरआरबी) की लेवल-1 कंप्यूटर आधारित परीक्षा (सीबीटी) में शामिल होने वाले वाले अभ्यर्थियों की सुविधा के लिए रेलवे प्रशासन ने विशेष व्यवस्था की है। इसके तहत बिलासपुर मंडल से संचालित तीन जोड़ी एक्सप्रेस और पैसेंजर ट्रेनों में एक-एक अतिरिक्त जनरल कोच लगाया जाएगा। वहीं, गोंदिया-रायगढ़-गोंदि या जनशताब्दी एक्सप्रेस में एक अतिरिक्त सेकेंड सिटिंग (2एस) कोच की सुविधा अस्थायी रूप से उपलब्ध कराई जाएगी। रायपुर-कोरबा-रायपुर हसदेव एक्सप्रेस की रायपुर-कोरबा एक्सप्रेस ( 18249) में 2 अगस्त से 23 अगस्त तक और कोरबा-रायपुर (18250) एक्सप्रेस में 3 अगस्त से 24 अगस्त तक एक अतिरिक्त जनरल कोच लगाया जाएगा। इसी तरह, बिलासपुर-चिरमिरी एक्सप्रेस (18257) में 3 अगस्त से 22 अगस्त तक और चिरमिरी-बिलासपुर एक्सप्रेस (18258) में 4 अगस्त से 23 अगस्त तक एक अतिरिक्त जनरल कोच की सुविधा रहेगी। चिरमिरी-चंदिया रोड-चिरमिरी पैसेंजर की चिरमिरी-चंदिया रोड पैसेंजर (58221) और चंदिया रोड-चिरमिरी पैसेंजर (58222) में 4 अगस्त से 23 अगस्त तक एक-एक अतिरिक्त जनरल कोच लगाया जाएगा। वहीं, गोंदिया-रायगढ़ जनशताब्दी एक्सप्रेस (12070) में 2 अगस्त से 22 अगस्त तक तथा रायगढ़-गोंदिया जनशताब्दी एक्सप्रेस (12069) में 3 अगस्त से 23 अगस्त तक एक अतिरिक्त सेकेंड सिटिंग (2एस) कोच उपलब्ध रहेगा।
16 दिन होगी परीक्षा; बिलासपुर सहित 4 शहरों में बनाए गए केंद्र
आरआरबी ग्रुप-डी की कंप्यूटर आधारित परीक्षा 3 अगस्त से 25 अगस्त तक होगी। इसके सेंटर देशभर के विभिन्न राज्यों में निर्धारित रेलवे परीक्षा शहरों में बनाए गए हैं। इनमें छत्तीसगढ़ में रायपुर, बिलासपुर, भिलाई नगर और दुर्ग शामिल है। परीक्षा 3, 4, 5, 6, 9, 10, 11, 12, 13, 14, 17, 18, 19, 20, 21 और 25 अगस्त को तीन शिफ्टों में होगी। पहली 8:30-10 बजे, दूसरी 11:30-1 और तीसरी शिफ्ट दोपहर 2:30 से शाम 4 बजे तक होगी।
रायपुर-कोरबा से चिरमिरी और रायगढ़ तक अतिरिक्त सुविधा
परीक्षा में बड़ी संख्या में अभ्यर्थियों के पहुंचने की संभावना है। रेलवे ने परीक्षा अवधि के दौरान प्रमुख रूटों पर अतिरिक्त कोच लगाने की व्यवस्था की है। हसदेव एक्सप्रेस से रायपुर-कोरबा, बिलासपुर चिरमिरी एक्सप्रेस से उत्तर छत्तीसगढ़ और चिरमिरी-चंदिया रोड पैसेंजर से मध्यप्रदेश सीमा से जुड़े क्षेत्रों के अभ्यर्थियों को अतिरिक्त सुविधा मिलेगी। वहीं, गोंदिया-रायगढ़ जनशताब्दी में 2एस कोच बढ़ने से गोंदिया, दुर्ग, रायपुर, बिलासपुर और रायगढ़ रूट के यात्रियों को भी अतिरिक्त सीट क्षमता उपलब्ध होगी।








