कोरबा@M4S:कोरबा जिला के हरदीबाज़ार थाना क्षेत्र के नेवसा गांव में उस समय तनावपूर्ण स्थिति बन गई, जब पुलिस की पिटाई का आरोप लगाते हुए दो युवक गांव की पानी टंकी पर चढ़ गए और इंसाफ की मांग करते हुए नीचे उतरने से इनकार कर दिया।तेज वर्षा के बीच भी युवक टंकी पर डटे रहे। इससे मौके पर बड़ी संख्या में ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई। प्रशासनिक अधिकारी एवं पुलिस की समझाइश व आश्वासन दिए जाने पर लगभग चार घंटे बाद नीचे उतरे।ग्राम नेवसा निवासी रफीक मोहम्मद और दीपेश निर्मलकर ने हरदीबाजार थाना प्रभारी प्रमोद कुमार डनसेना पर गंभीर आरोप लगाया है। दोनों युवकों का कहना है कि मंगलवार को पुलिस आई और ग्राम सिरली के पास से उन्हें पकड़कर थाने ले गई।
वहां डंडा एवं बेल्ट से टीआई डनसेना ने जुआ खिलाने का आरोप लगाते बुरी तरह पीटा। बाद में उनसे जबरन बयान लिखाया गया। जिसमें मुलाहिजा के लिए दीपका अस्पताल ले जाते वक्त रास्ते में गिर जाने की बात दर्ज की।रफीक मोहम्मद ने यह भी आरोप लगाया कि उसके पास रखे 23500 रुपये पुलिस ने ले लिए। पुलिस की इस कार्रवाई के नाराज होकर रफीक मोहम्मद व दीपेश गुरुवार सुबह गांव की पानी टंकी पर चढ़ गया। टंकी के ऊपर से वह लगातार इंसाफ की मांग करते रहे। वे अपने साथ बोतल में पेट्रोल भी लेकर गए थे और खुद पर पेट्रोल छिड़क कर आग लगा लेने की धमकी भी दे रहे थे। सूचना मिलते ही तहसीलदार राजभानू, नायाब तहसीलदार विमल खांडेकर,दर्री सीएसपी, कुसमुंडा व हरदीबाजार थाना पुलिस मौके पर पहुंची। ग्रामीणों के माध्यम से युवकों को समझने का प्रयास किया गया मामले की उचित जांच करने की बात कही गई। अधिकारियों के आश्वासन के बाद नीचे उतरे।दूसरी ओर थाना प्रभारी प्रमोद कुमार डनसेना ने सभी आरोपों को सिरे से खारिज किया है। उनका कहना है कि दोनों युवक क्षेत्र में जुआ फड़ संचालित करने की गतिविधियों में संलिप्त पाए गए थे। सूचना मिलने पर उन्हें पकड़ा गया और प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की गई। उन्होंने मारपीट और रुपये लेने के आरोपों को बेबुनियाद बताया।







