नई दिल्ली(एजेंसी):90 दशक के सुपरस्टार्स के बारे में जब भी जिक्र किया जाता है तो उसमें सलमान खान और शाह रुख खान जैसे कई कलाकारों का नाम लिया जाता है। लेकिन जो 90s किड्स हैं, उन्हें ये बात अच्छे से मालूम है कि एक्टर राहुल रॉय (Rahul Roy) भी उस दौर में सबसे सफल फिल्म कलाकारों में से एक रहे थे।
राहुल रॉय ने ठुकराई थी ये फिल्म
सिनेमा जगत में अभिनेताओं द्वारा फिल्मों को रिजेक्ट किए जाने के किस्से काफी पुराने हैं। उनमें राहुल रॉय के नाम से भी ऐसा ही एक किस्सा जुड़ा हुआ है, जब उन्होंने एक कल्ट क्लासिक मूवी को करने से मना कर दिया था। दरअसल उस मूवी का नाम डर (Darr) था।
राहुल रॉय ने एक बार अर्चना पूरन सिंह के चैट शो में फिल्म डर को लेकर खुलकर बात की थी और बताया था- जब आशिकी हिट हुई तो उसके बाद मेरे पास कई बड़े फिल्ममेकर्स की मूवीज के ऑफर आए। उस वक्त एक मूवी की तैयारी यश चोपड़ा भी कर रहे थे और उन्होंने उसकी कहानी भी मुझे जहन में रखकर लिखी थी।
लेकिन मैंने उस फिल्म को करने से इनकार कर दिया और बाद में पता चला कि वह फिल्म कोई नहीं डर थी। जो कैरेक्टर मेरे लिए लिखा गया था, उसे शाह रुख खान ने प्ले किया था। इतनी बड़ी फिल्म का ऑफर रिजेक्ट करके मुझे अब भी पछतावा होता है।
इस तरह से राहुल रॉय ने शाह रुख खान स्टारर फिल्म डर को करने से मना किया था। बता दें कि डर में सनी देओल और जूही चावला ने भी अहम भूमिकाओं को अदा किया था।
डर ने जीता था नेशनल अवॉर्ड
साल 1993 में डर को सिनेमाघरों में रिलीज किया गया था। शाह रुख खान की ये मूवी उस साल की सबसे सफल मूवीज में शुमार हुई थी। इतना ही नहीं उस दौर में राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार में डर बेस्ट पॉपुलर फिल्म का अवॉर्ड भी मिला था, जो इस मूवी की लोकप्रियता के बारे में बताता है।





















































