नई दिल्ली(एजेंसी):गर्मियां आ गई हैं और अब ऐसे में AC का इस्तेमाल काफी ज्यादा बढ़ गया है। लोग घर को जल्दी ठंडा करने के लिए एयर कंडीशनर के साथ-साथ सीलिंग फैन भी ऑन कर लेते हैं। हालांकि, बहुत से लोगों के मन में आज भी ये सवाल बना हुआ है कि क्या AC और फैन को एक साथ चलाना सही है? क्या इससे बिजली की खपत बढ़ जाती है? चलिए एक्सपर्ट्स इस बारे में क्या कहते हैं आज इसी के बारे में जानते हैं…
AC के साथ फैन चलाने के क्या फायदे?
एक्सपर्ट्स के मुताबिक AC के साथ फैन चलाना पूरी तरह से सही है। दरअसल, AC रूम की हवा को ठंडा करता है, जबकि फैन उस ठंडी हवा को पूरे रूम में तेजी से फैलाने का काम करता है। इससे रूम का हर कोना जल्दी ठंडा महसूस होने लगता है और कूलिंग बेहतर मिलती है।
इतना ही नहीं अगर रूम ज्यादा बड़ा है या उसमें ज्यादा लोग मौजूद हैं, तो फैन चलाने से ठंडी हवा का सर्कुलेशन बेहतर हो सकता है। इससे AC को कमरे को ठंडा करने में कम टाइम लग सकता है।
बिजली बिल पर क्या असर?
AC के साथ फैन चलाने से थोड़ी एक्स्ट्रा बिजली जरूर खर्च होती है, लेकिन इसकी खपत AC की तुलना काफी कम होती है। एक रेगुलर सीलिंग फैन लगभग 50 से 80 वॉट बिजली का इस्तेमाल करता है, जबकि AC 1,000 वॉट या उससे ज्यादा बिजली खपत कर सकता है। खास बात ये है कि फैन ऑन होने पर आप AC का तापमान 1-2 डिग्री ज्यादा भी सेट कर सकते हैं।
उदाहरण के लिए अगर आप AC को 22 डिग्री सेल्सियस पर चला रहे हैं, तो फैन ऑन करने के बाद आप इसे 24 डिग्री या 26 डिग्री पर भी अच्छी कूलिंग ले सकते हैं। इससे AC के कंप्रेसर पर भी कम जोर पड़ेगा और बिजली की बचत भी होगी।






