‘गृह मंत्री ने छात्रों पर गोली चलाने का आदेश दिया’, राहुल गांधी के बयान पर बवाल; रिजिजू बोले- माफी मांगो

- Advertisement -

नई दिल्ली@M4S:पेपर लीक रोकने के लिए नए कानून पर चर्चा के दौरान विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने लोकसभा में गृह मंत्री अमित शाह को निशाने पर लेते हुए कहा कि गृह मंत्री ने छात्रों पर गोली चलाने का आदेश दिया। इसको लेकर सत्ता पक्ष की तरफ से तीखी प्रतिक्रिया देते संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने आपत्ति जताई और राहुल गांधी से माफी मांगने की मांग की।

राहुल की इस टिप्पणी के बाद संसद में भारी हंगामा हुआ और कांग्रेस नेता राहुल गांधी के बोलने से इनकार करने पर लोकसभा की कार्यवाही स्थगित कर दी गई। लोकसभा की कार्यवाही दोपहर 2.30 बजे तक के लिए स्थगित कर दी गई।

राहुल गांधी ने क्या कहा?

20 जुलाई को संसद तक हुए मार्च के दौरान हुई हिंसा पर बात करते हुए राहुल गांधी ने कहा कि केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने भारत के छात्रों पर गोली चलाने का आदेश दिया। उन्होंने कहा, अब गृह मंत्री में संसद का सामना करने और छात्रों पर हुए हमले के बारे में बात करने की हिम्मत नहीं है।

इसके अलावा राहुल गांधी ने कहा कि शिक्षा मंत्रालय कभी धर्मेंद्र प्रधान ने नहीं चलाया बल्कि इसे आरएसएस ने चलाया। उन्होंने कहा कि छात्रों को आरएसएस वाला बनने नहीं दिया जा रहा है और हर यूनिवर्सिटी में आरएसएस से जुड़ा वीसी है। राहुल गांधी ने लोकसभा में कहा, “शिक्षा व्यवस्था बहुत महंगी है। सरकार पूरे शिक्षा बजट में जितना खर्च करती है, उससे ज्यादा पैसा एक परीक्षा पर खर्च हो जाता है।”

किरेन रिजिजू ने क्या कहा?

रिजिजू ने अमित शाह पर राहुल गांधी के बयान पर आपत्ति जताई और उनसे गृह मंत्री पर आरोप न लगाने को कहा। रिजिजू ने मांग की कि लगाए गए आरोपों के लिए राहुल गांधी माफी मांगें। रिजिजू ने गांधी से पूछा, “इसका क्या सबूत है कि अमित शाह ने छात्रों पर हमले का आदेश दिया था?” रिजिजू ने कहा, “विपक्ष के नेता बेबुनियाद आरोप नहीं लगा सकते। उन्हें अपनी बात वापस लेनी चाहिए और माफी मांगनी चाहिए।”

किरेन रिजिजू ने कहा कि राहुल गांधी को माफी मांगनी होगी क्योंकि केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह पर यह बहुत गंभीर आरोप है। रिजिजू ने कहा कि जब तक राहुल अपने आरोपों को साबित नहीं करते या माफी नहीं मांगते, तब तक बहस आगे नहीं बढ़ेगी।

Related Articles