कोरबा@M4S:कोरबा के बांकीमोंगरा थाना थाना क्षेत्र के सुतर्रा कटघोरा मुख्य मार्ग पर टायर गोदाम में को भीषण आग लग गई। आग इतनी तेज थी कि दूर दूर तक काले धुएं का गुबार और लपटें दिखाई दे रही थीं। घटना के बाद पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। आसपास के लोग दहशत में आ गए और कई घरों व दुकानों से लोग बाहर निकलकर भागने लगे। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार गोदाम के सामने लगे ट्रांसफार्मर से अचानक चिंगारी निकली जो गोदाम में रखे टायरों तक पहुंच गई। टायर होने के कारण आग ने कुछ ही मिनटों में विकराल रूप ले लिया। देखते ही देखते पूरा गोदाम आग की चपेट में आ गया। आग लगने के साथ ही क्षेत्र की विद्युत व्यवस्था भी ठप हो गई। घटना की सूचना मिलते ही दमकल को जानकारी दी गई। दमकल वाहन मौके पर पहुंच कर कड़ी मशक्क़त के बाद आग पर काबू पाया गया। लेकिन टायर में लगी आग पर काबू पाना मुश्किल हो रहा था।
आग की लपटें इतनी तेज थीं कि पास में खड़ा एक ट्रेलर वाहन भी इसकी चपेट में आ सकता था। स्थानीय लोगों की मदद से ट्रेलर को किसी तरह वहां से हटाया गया और बड़ा हादसा टल गया। आग की वजह से मुख्य मार्ग पर आवाजाही प्रभावित हुई। सड़क के दोनों ओर लोगों की भीड़ जमा हो गई। पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची और भीड़ को नियंत्रित किया। दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। आग बुझाने से पहले गोदाम में रखा लाखों का सामान जलकर खाक हो चुका था। स्थानीय लोगों का कहना है कि ट्रांसफार्मर की स्थिति पहले से ही खराब थी और लोड अधिक होने के कारण शॉर्ट सर्किट होने के कारण आग लगने की आशंका जताई जा रही है। लोगों ने विद्युत विभाग से जर्जर ट्रांसफार्मरों को बदलने और सुरक्षा मानकों का पालन कराने की मांग की है। फिलहाल बांकी मोगरा पुलिस और प्रशासन आग लगने के सही कारणों की जांच कर रहे हैं। नुकसान का आकलन भी किया जा रहा है। गनीमत रही कि घटना में कोई जनहानि नहीं हुई लेकिन व्यापारियों को भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा है।





































