मुड़ाभांठा बाइपास मार्ग स्थित पुलिया मोड़ पर हुआ हादसा
कोरबा@M4S:पुलिस व प्रशासन की लगातार कोशिश के बाद भी रफ्तार का कहर कम नहीं हो रहा है। एक बार फिर धान लोड ट्रक के चालक ने तेज व लापरवाही पूर्वक वाहन चलाते हुए बाइक को ठोकर मार दिया। हादसे में बाइक सवार दो युवक की मौके पर ही मौत हो गई। घटना को अंजाम देकर भाग रहे चालक को पुलिस ने पीछाकर वाहन सहित पकड़ लिया। पुलिस ने मृतकों के शव को मर्चुरी में शिफ्ट करते हुए वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
घटना कटघोरा थानांतर्गत मुड़ाभांठा बाइपास मार्ग स्थित पुलिया मोड़ की है। बताया जा रहा है कि बाइक क्रमांक सीजी 12 बीयू 1936 में सवार होकर दो युवक हुंकरा से मुड़ाभांठा की ओर जा रहे थे। इसी दौरान अंबिकापुर की ओर से आ रहे धान लोड ट्रक क्रमांक सीजी 22 जे 6887 के चालक ने बाइक को ठोकर मार दिया। ट्रक की ठोकर इतनी जबर्दस्त थी कि बाइक बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। उसमें सवार दोनों युवक उछलकर सड़क पर जा गिरे। उनके सिर और शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोटें आई, जिससे दोनों युवक ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने मृतकों की शिनाख्ती शुरू की। इस दौरान एक मृतक की पहचान घुंचापुर निवासी कृष्णा के रूप में हुई, जबकि दूसरा साखो निवासी बिहारी लाल बताया जा रहा है। पुलिस ने मृतकों के शव को सुरक्षित मर्चुरी में रखवा दिया है। घटना को अंजाम देने के बाद चालक ट्रक को लेकर भाग रहा था। पुलिस ने पीछाकर चालक को वाहन सहित दबोच लिया। पुलिस ने मंगलवार को परिजनों की मौजूदगी में वैधानिक कार्रवाई पूरी की।
धान लोड ट्रक ने बाइक को मारी टक्कर दो की मौत
- Advertisement -





































