आने वाले दिनों में और झुलसाएगी गर्मी  तापमान में दो डिग्री की होगी बढ़ोतरी

- Advertisement -

कोरबा@M4S:शहर सहित पूरे क्षेत्र में गर्मी ने अपने तेवर दिखाने शुरू कर दिए हैं और आने वाले दिनों में हालात और कठिन होने के संकेत मिल रहे हैं। मौसम विभाग के अनुसार तापमान में करीब 2 डिग्री सेल्सियस तक और बढ़ोतरी होने की संभावना है, तापमान का स्तर 44 डिग्री तक पहुँचने का अनुमान है, जिससे भीषण गर्मी का दौर और तेज हो जाएगा।
पिछले कुछ दिनों से लगातार तापमान में वृद्धि दर्ज की जा रही है। दोपहर के समय तेज धूप और गर्म हवाओं के कारण लोगों का घर से बाहर निकलना मुश्किल हो गया है। सड़कों पर दोपहर के समय सन्नाटा देखने को मिल रहा है, वहीं जरूरी काम से बाहर निकलने वाले लोग भीषण गर्मी से परेशान नजर आ रहे हैं। तापमान का स्तर देखते हुए स्वास्थ विभाग द्वारा एलर्ट जारी किया गया है वही शहर के चौक चौराहों पर दोपहर 12 बजे से शाम 4 बजे तक आवागमन को मेनुअल किया गया है। तापमान बढ़ने के साथ ही लू चलने की भी संभावना जताई गई है। डॉक्टरों का कहना है कि इस मौसम में खासतौर पर बच्चों, बुजुर्गों और बीमार व्यक्तियों को ज्यादा सावधानी बरतने की जरूरत है। लू लगने, डिहाइड्रेशन और हीट स्ट्रोक के मामलों में बढ़ोतरी हो सकती है। भीषण गर्मी के चलते पानी और बिजली की खपत में भी इजाफा हो गया है। कूलर, पंखा और एसी का उपयोग बढ़ने से बिजली पर दबाव बढ़ रहा है, वहीं पानी की मांग भी तेजी से बढ़ रही है। कई इलाकों में पानी की कमी की शिकायतें भी सामने आने लगी हैं। मौसम विभाग के अनुसार फिलहाल तापमान में गिरावट के कोई संकेत नहीं हैं। आने वाले कुछ दिनों तक गर्मी का प्रकोप जारी रहेगा और पारा और ऊपर चढ़ सकता है। विशेषज्ञों ने लोगों को सलाह दी है कि दोपहर 12 बजे से 3 बजे के बीच अनावश्यक रूप से बाहर न निकलें, पर्याप्त मात्रा में पानी पिएं, हल्के और ढीले कपड़े पहनें तथा सिर को ढककर रखें। आने वाले दिनों में गर्मी से राहत की उम्मीद कम है और लोगों को भीषण गर्मी का डटकर सामना करना पड़ेगा। गर्मी का असर आम जनजीवन पर साफ दिखाई देने लगा है। बाजारों में दोपहर के समय ग्राहकों की संख्या कम हो गई है, वहीं मजदूरी करने वाले और खुले में काम करने वाले लोगों को सबसे ज्यादा परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। काम से बाहर निकलने वालों को तेज धूप और गर्मी के कारण दिक्कतें हो रही हैं।

Related Articles