ससुराल से अचानक गायब हुई युवती… मायके वालों ने जताई अनहोनी की आशंका, पुलिस ने की जांच तो सामने आई चौंकाने वाली बात

- Advertisement -

बदायूं(एजेंसी):मायके वालों ने जिस विवाहिता की हत्या कर शव गायब करने का आरोप लगाते हुए मुकदमा दर्ज कराया था। पुलिस ने उसे जीवित बरामद कर लिया है।

वह चुपके से अपनी ससुराल से निकल गई थी और सीतापुर निवासी प्रेमी के साथ इंदौर पहुंच गई। वहां दोनों पति-पत्नी की तरह रह रहे थे। पुलिस उसे इंदौर से बदायूं ले आई है। गुरुवार को उसे न्यायालय में पेश किया जाएगा।

विवाहिता मूलरूप से बिनावर थाना क्षेत्र के एक गांव की रहने वाली है। पिता की मृत्यु के बाद चाचा ने वर्ष 2020 में उसकी शादी सिविल लाइंस थाना क्षेत्र के गांव निवासी युवक से कराई थी।

इसी बीच वह सीतापुर के थाना हरगांव क्षेत्र के एक गांव निवासी एक युवक के संपर्क में आ गई। चार माह पहले उसने कॉल करके अपने प्रेमी को सीतापुर से बुलाया और रात को चुपचाप ससुराल से निकल कर प्रेमी के साथ इंदौर चली गई। तब से दोनों पति-पत्नी की तरह वहां रह रहे थे।

इधर, उसके चाचा ने विवाहिता के ससुरालीजन पर हत्या कर शव गायब करने का आरोप लगा दिया। उसका कहना था कि ससुराल वाले शादी के बाद से दहेज को लेकर परेशान कर रहे थे। मांग पूरी न होने पर भतीजी की हत्या कर उसका शव गायब कर दिया।

चाचा ने उनके खिलाफ न्यायालय में परिवाद दायर कराया था। कोर्ट के आदेश पर पुलिस ने तीन जून को दहेज उत्पीड़न, हत्या और लाश गायब करने के आरोप में प्राथमिकी दर्ज कर ली।

विवाहिता और उसके ससुराल वालों के मोबाइल नंबर सर्विलांस पर लगाए थे, जिससे पुलिस को सफलता मिली। पता चला कि विवाहिता ने ससुराल से निकलने से पहले सीतापुर निवासी युवक से मोबाइल से बात की थी।

इसके बाद से ही वह लापता थी। पुलिस उसे ढूंढती हुई इंदौर पहुंची और वहां से विवाहिता को बरामद कर बुधवार को बदायूं लाया गया। उसे वन स्टाप सेंटर पर रखा गया है।

सीओ सिटी रजनीश कुमार उपाध्याय ने बताया कि गुरुवार को विवाहिता को न्यायालय में पेश किया जाएगा। वहां बयानों के आधार पर अगली कार्रवाई की जाएगी।

Related Articles